नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों ने अपना आंदोलन और तेज कर दिया है। राजघाट तक प्रस्तावित विरोध मार्च से पहले कांग्रेस समेत INDIA गठबंधन के नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए तथा ज्ञानेश कुमार से पद छोड़ने की मांग दोहराई।

CEC को लेकर राहुल गांधी ने उठाए गंभीर सवाल

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा और विपक्ष लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल एकजुट हैं और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। राजघाट मार्च और आगामी विरोध प्रदर्शनों को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विपक्ष ने संकेत दिए हैं कि जब तक उनकी मांगों पर विचार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

ज्ञानेश कुमार पर गुरजीत सिंह औजला ने साधा निशाना

वहीं कांग्रेस नेता गुरजीत सिंह औजला और श्रीनिवास बीवी ने गुरुवार 8, अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर अपना हमला तेज़ करते हुए कहा कि, विपक्ष अपना विरोध जारी रखेगा और ज्ञानेश कुमार को इस्तीफ़ा देना पड़ेगा। उन्होंने बीजेपी पर सरकार बनाने के लिए कथित तौर पर "वोट लूटकर" "अराजकता फैलाने" का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वोट लूटकर पूरे देश में सरकारें बनाईं। इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि लोगों को अपनी पसंद के प्रतिनिधि चुनने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है। उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि, आपको ज्ञानेश कुमार का मामला खत्म करना चाहिए और उनसे इस्तीफ़ा दिलाना चाहिए।