BJP Strategy: वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के सहारे व्यापक जनसंपर्क अभियान की तैयारी की है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से देशभर में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया जाएगा।
भाजपा की योजना इस अभियान के जरिए गांवों, बूथों और लाभार्थी परिवारों तक पहुंच बनाने की है। पार्टी के कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और महिला मतदाताओं से सीधे संवाद पर विशेष जोर दिया गया है।
2027 के चुनावों पर भाजपा की नजर
वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, गुजरात, गोवा और मणिपुर समेत सात राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने अपनी रणनीति तैयार की है।विपक्ष जहां सोशल मीडिया और जातीय समीकरणों के जरिए भाजपा को घेरने की कोशिश कर रहा है, वहीं भाजपा का फोकस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और सरकार की योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों पर है। पार्टी का प्रयास है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाए।
‘आशीर्वाद का दीया’ से घर-घर संपर्क
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रमुख कार्यक्रम ‘आशीर्वाद का दीया’ रखा गया है। इसके अंतर्गत प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन की शाम भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर घर-घर जाकर लोगों से प्रधानमंत्री के लिए आशीर्वाद स्वरूप दीप जलाने की अपील करेंगे।पार्टी की ओर से बूथ कार्यकर्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यकर्ता इन परिवारों से संपर्क कर उन्हें अभियान से जोड़ने का प्रयास करेंगे।भाजपा का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से लाभार्थियों के साथ भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा। साथ ही, बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की पहुंच का भी आकलन किया जा सकेगा।
लाभार्थियों की ‘बदलाव की कहानी’ सोशल मीडिया पर होगी साझा
भाजपा ने ‘कहानी बदलाव की’ नाम से भी एक कार्यक्रम तैयार किया है। इसके तहत सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले लोगों को अपने जीवन में आए बदलाव के बारे में बताने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।पार्टी का लक्ष्य है कि हर शक्ति केंद्र से लाभार्थियों की कम से कम 10 वीडियो रील इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड की जाएं। शक्ति केंद्र के अंतर्गत सामान्य तौर पर तीन से पांच बूथ आते हैं।भाजपा की रणनीति है कि इन वीडियो के जरिए सरकार की योजनाओं का लाभ लेने वाले लोग खुद अपनी कहानी साझा करें। पार्टी के वरिष्ठ नेता, मुख्यमंत्री और मंत्री भी चुनिंदा वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कर सकते हैं।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ से गांव-गांव पहुंचने की तैयारी
सेवा संकल्प अभियान में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ भी शामिल है। इसे प्रत्येक जिले और गांव तक ले जाने की योजना बनाई गई है। इस यात्रा के जरिए पार्टी कार्यकर्ता लोगों से संपर्क करेंगे और केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।भाजपा का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के साथ-साथ आम लोगों के बीच सरकार की योजनाओं और उसके लाभों को लेकर संवाद बढ़ाना है।
14 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन का मिलन’
महिला मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने ‘आंगन का मिलन’ नाम से तीन दिवसीय कार्यक्रम की योजना बनाई है। यह कार्यक्रम देशभर के करीब 14 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है।इस दौरान महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा और उनसे संवाद स्थापित किया जाएगा। भाजपा का मानना है कि महिला मतदाताओं की भूमिका लगातार चुनावी नतीजों को प्रभावित कर रही है। ऐसे में पार्टी गांवों और वार्ड स्तर तक महिला संपर्क अभियान को मजबूत करना चाहती है।
‘सेवा सेतु शिविर’ से योजनाओं का लाभ दिलाने की कोशिश
अभियान के तहत विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु शिविर’ भी लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से वंचित पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।इसके अलावा स्कूल-कॉलेजों में कार्यक्रम, नवाचार और इनोवेशन से जुड़े आयोजन भी किए जाएंगे। इनके जरिए भाजपा की योजना युवाओं और छात्रों के बीच भी संपर्क बढ़ाने की है।