मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध तेज होता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में INDIA गठबंधन के नेता सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की तैयारी कर रहे हैं। इस मार्च में दिल्ली के अलावा दूसरे राज्यों से भी कई सांसदों के शामिल होने की बात कही जा रही है। मार्च से पहले कांग्रेस नेता शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जो चर्चा में है।

शशि थरूर ने रामधारी सिंह दिनकर की कविता शेयर की

बता दें कि इसी बीच में शशि थरूर ने अपने पोस्ट में मशहूर कवि रामधारी सिंह दिनकर की कविता 'जनतंत्र का जन्म' की पंक्तियां साझा की हैं, उन्होंने इसे आज की कविता बताते हुए लिखा, ''लेकिन होता भूडोल, बवंडर उठते हैं, जनता जब कोपाकुल हो भृकुटि चढ़ाती है, दो राह, समय के रथ का घर्घर-नाद सुनो, सिंहासन खाली करो कि जनता आती है।'' शशि थरूर का ये पोस्ट वायरल हो रहा है। शशि थरूर ने एक वीडियो भी शेयर किया है जिसमें उन्होंने लोगों को मार्च की जानकारी दी है।

राहुल गांधी ने भी मार्च को लेकर किया था ऐलान

इससे पहले रविवार को राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की बात कही थी, उन्होंने यह भी कहा था कि इस दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को ज्ञापन सौंपने की कोशिश की जाएगी। राहुल गांधी ने अपने संदेश में लोगों से पार्टी, महिला और पुरुष, जाति, समुदाय और राज्य जैसे भेदभाव से ऊपर उठकर एक साथ आने की अपील की थी। यह ऐलान ऐसे समय में हुआ है, जब दिल्ली में चुनाव से जुड़े मुद्दों को लेकर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी है।

ये भी पढ़ें- राजस्थान में कानून व्यवस्था पर उठे सवाल, बीजेपी के पूर्व विधायक की हत्या से मचा बवाल

CJI सूर्यकांत ने मिलने के अनुरोध को किया खारिज

इस बीच, भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने INDIA गठबंधन के नेताओं से मुलाकात करने के अनुरोध को स्वीकार नहीं किया है। विपक्षी नेताओं ने चुनाव में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए मिलने की मांग की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, CJI ने ईमेल के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी और इसके पीछे की वजहें भी बताईं। अब इस मुद्दे पर विपक्ष की आगे की रणनीति और प्रस्तावित मार्च को लेकर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।