राजस्थान के भरतपुर में बीजेपी के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या का मामला सामने आया है, बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम उनके क्रेशर प्लांट पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में अतर सिंह भड़ाना और उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान अतर सिंह भड़ाना ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

क्रेशर प्लांट पर अचानक हुआ हमला

मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार देर शाम अतर सिंह भड़ाना अपने क्रेशर प्लांट पर मौजूद थे। इसी दौरान करीब 70 से 80 लोगों ने वहां पहुंचकर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से अतर सिंह भड़ाना, गगन शर्मा और वहां मौजूद अन्य लोगों को निशाना बनाया। अतर सिंह भड़ाना की पत्नी ने आरोप लगाया है कि हमले के दौरान उन्हें गोली भी मारी गई। परिवार की ओर से यह भी कहा गया है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची।

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

हमले में घायल अतर सिंह भड़ाना और गगन शर्मा को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण दोनों को आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया। गगन शर्मा को भरतपुर शहर के अस्पताल भेजा गया, जबकि अतर सिंह भड़ाना को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

रास्ते को लेकर काफी समय से चल रहा था विवाद

बताया जा रहा है कि क्रेशर प्लांट के संचालन और वहां तक जाने वाले रास्ते को लेकर अतर सिंह भड़ाना और स्थानीय ग्रामीणों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीण इस मुद्दे पर कई दिनों से धरना दे रहे थे। दावा है कि अतर सिंह भड़ाना ने पहले धरना खत्म करवा दिया था, लेकिन रविवार को विवाद फिर बढ़ गया। इसी बीच अतर सिंह भड़ाना अपनी पत्नी और कुछ सहयोगियों के साथ क्रेशर प्लांट पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद 70 से 80 लोगों ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें उनकी जान चली गई। हालांकि, घटना की पूरी सच्चाई और हमले के पीछे की वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़ें- नवरात्रि के पहले दिन करें मां शैलपुत्री की पूजा, जानें पूजन विधि, मंत्र, भोग और व्रत कथा

कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

इस घटना के बाद कांग्रेस ने राजस्थान की बीजेपी सरकार को घेरा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में बीजेपी के पूर्व विधायक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने इस घटना को गंभीर बताते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। अतर सिंह भड़ाना बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके थे। उनकी हत्या के बाद यह मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पुलिस जांच में क्या सामने आता है और इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।