भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में नवंबर का महीना काफी खास है। इस महीने कई नई गाड़ियों ने दस्तक दी है। अब महीने के आखिरी दिनों में एक और लग्जरी इलेक्ट्रिक कार लॉन्च होने जा रही है। हम बात कर रहे हैं MINI की नई इलेक्ट्रिक कार MINI Cooper SE की, जिसे कंपनी 27 नवंबर 2026 को भारतीय बाजार में पेश करेगी।

इस नई कार की बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है। कंपनी इसे स्टैंडर्ड मॉडल के साथ खास Paul Smith Edition में भी लाने वाली है। नई MINI Cooper SE में पहले से बड़ी बैटरी, बेहतर ड्राइविंग रेंज और कई नए फीचर्स देखने को मिलेंगे।

एक बार चार्ज करने पर चलेगी 402 किलोमीटर

नई MINI Cooper SE में बैटरी को पहले से काफी बेहतर बनाया गया है। इसके पुराने मॉडल में 32.6kWh की बैटरी मिलती थी, लेकिन नए मॉडल में 54.2kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है।

कंपनी का दावा है कि यह इलेक्ट्रिक कार फुल चार्ज होने पर 402 किलोमीटर तक चल सकती है। वहीं, चार्जिंग के लिए इसमें फास्ट चार्जिंग की सुविधा भी दी गई है। 95kW DC फास्ट चार्जर की मदद से इसकी बैटरी सिर्फ 30 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है।

शानदार इंटीरियर के साथ मिलेंगे कई प्रीमियम फीचर्स

नई MINI Cooper SE का इंटीरियर की बात करें तो कंपनी ने इसे काफी आकर्षित बनाया है। इसके डैशबोर्ड के बीच में 9.45 इंच की गोल OLED टचस्क्रीन दी गई है, जो कार को एक अलग लुक देती है। इसके अलावा कार में पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस फोन चार्जिंग, हीटेड फ्रंट सीटें, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स मिलेंगे।

सेफ्टी के मामले में भी कंपनी ने कई जरूरी सुविधाएं दी हैं। इसमें 6 एयरबैग के साथ एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) भी मिलेगा।

ये भी पढ़ें-Royal Enfield Himalayan 750 की बढ़ेगी मुश्किल! भारत आ रही Norton Atlas, मिलेंगे ये शानदार फीचर्स

Paul Smith Edition भी होगा लॉन्च

नई MINI Cooper SE का एक खास Paul Smith Edition भी बाजार में उतारा जाएगा। इसे ब्रिटिश डिजाइनर Paul Smith के साथ मिलकर तैयार किया गया है। इस स्पेशल एडिशन में अलग रंग, खास रूफ डिजाइन और कार के अंदर-बाहर करीब 20 खास डिजाइन बदलाव देखने को मिलेंगे।

भारत में इस कार को CBU यानी पूरी तरह से विदेश में तैयार करके आयात करने के रास्ते लाया जाएगा। कीमत की बात करें तो इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत 55 लाख से 58 लाख रुपये के बीच हो सकती है।