नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने केंद्र सरकार की डिजिटल कोचिंग पहल को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा कोटा में उठाए गए शिक्षा से जुड़े मुद्दों के बाद सरकार ने जल्दबाजी में छात्रों के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग की घोषणा की।
जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार पर मौजूदा योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज भारतीय परिवार कोचिंग संस्थानों पर जितना खर्च कर रहे हैं, वह केंद्र सरकार के शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे निवेश से कई गुना ज्यादा है।
कांग्रेस सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि राहुल गांधी ने 17 जून 2026 को कोटा में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े एक अहम मुद्दे को उठाया था। उन्होंने कहा था कि निजी कोचिंग उद्योग ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था की जगह ले ली है और परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
फ्री ऑनलाइन कोचिंग शुरू करने की घोषणा
जयराम रमेश ने दावा किया कि राहुल गांधी के इस मुद्दे को उठाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने 15 अगस्त को छात्रों के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग शुरू करने की घोषणा की। हालांकि, उन्होंने सरकार की पुरानी फ्री कोचिंग योजना की सफलता पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय मंत्रालय की फ्री कोचिंग योजना के तहत तीन साल में 10,500 छात्रों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब तक केवल 2,790 छात्रों का ही नामांकन हुआ है, जो लक्ष्य का करीब 26 प्रतिशत है।
संसदीय स्थायी समिति की रिपोर्ट का हवाला
जयराम रमेश ने कहा कि योजना का बजट भी हर साल कम हुआ है और पिछले साल खर्च की गई राशि तय बजट के आधे से भी कम रही। उन्होंने इसे लेकर संसदीय स्थायी समिति की रिपोर्ट का हवाला दिया।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था की बुनियादी समस्याओं को हल करने के बजाय ऑनलाइन कोचिंग जैसे कदमों पर जोर दे रही है। उन्होंने इसे जवाबदेही से बचने वाला कदम बताया।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 2026 में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरू किया है, जिसके जरिए पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ी, बढ़ती शिक्षा लागत और रोजगार जैसे मुद्दों को उठाया जा रहा है। यह अभियान कोटा, देहरादून और प्रयागराज समेत कई जगहों पर आयोजित किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें: शिवमोग्गा में ईद मिलाद के कटआउट पर फिलिस्तीनी झंडा लहराने का आरोप, 3 लोगों पर FIR