नई दिल्ली: रक्षा विभाग की नई व्यवस्था के तहत शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने के बाद मेरिट के आधार पर 25 प्रतिशत अग्निवीरों को सीधे नियमित सैनिक के रूप में भर्ती किया जाएगा। वहीं, बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को उनकी इच्छा और रक्षा बलों की सिफारिश के आधार पर दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर दिया जाएगा।

नियमित सैनिक के रूप में भर्ती होने का मिलेगा अवसर

इस अतिरिक्त सेवा के दौरान अग्निवीरों को पहले से अधिक वेतन, बेहतर सेवा निधि पैकेज और वरिष्ठता से जुड़े लाभ मिलेंगे। दो साल की अतिरिक्त सेवा पूरी होने के बाद इच्छुक अग्निवीरों को निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करने पर नियमित सैनिक के रूप में भर्ती होने का अवसर दिया जाएगा। इस तरह से केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सभी अग्निवीरों के लिए भारतीय रक्षा बलों में शामिल होने का एक स्पष्ट रास्ता तैयार कर दिया है।

अग्निवीरों की कार्यक्षमता के मिले सकारात्मक परिणाम

सरकार के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में अग्निवीरों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया है। इस मूल्यांकन में अग्निवीरों की कार्यक्षमता, शारीरिक फिटनेस, प्रेरणा और तकनीकी चीजों को अपनाने की क्षमता को लेकर बहुत सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस संदर्भ में सरकार का मानना है कि इस बदलाव से सेना को अनुभवी और प्रशिक्षित जवान मिलेंगे। साथ ही अग्निवीरों को सैन्य सेवा में अपना करियर आगे बढ़ाने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।

ये भी पढ़ें-D.K शिवकुमार का शिक्षा को लेकर बड़ा फैसला! 1,000 सरकारी स्कूलों से जुड़ेंगे निजी स्कूल