Patna Food Safety Raid: बिहार की राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को चलाए गए सघन जांच अभियान में अगमकुआं स्थित श्याम घी भंडार समेत कई खाद्य प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। विभागीय टीम ने अलग-अलग दुकानों और प्रतिष्ठानों से करीब 5.55 टन नूडल्स, 855 किलो घी, 174 किलो मिल्क केक, खोया और अन्य खाद्य सामग्री जब्त की। वहीं, एक्सपायरी दूध और खराब खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया। लाइसेंस और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन मिलने पर कई प्रतिष्ठानों को बंद भी कराया गया।
श्याम घी भंडार से 855 किलो घी और 174 किलो मिल्क केक जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अगमकुआं स्थित श्याम घी भंडार में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की। यहां से 855 किलो घी और पांच बोरियों में रखा करीब 174 किलो मिल्क केक जब्त किया गया। दोनों की अनुमानित कीमत करीब 5.99 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा नारियल पाउडर के 18 पैकेट, करीब 18 किलो सामग्री, 5 किलो खीरा सीड्स और अन्य खाद्य पदार्थ भी जांच के दायरे में आए।
टीम ने घी और मिल्क केक के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। निरीक्षण के दौरान भंडारण व्यवस्था, आवश्यक दस्तावेजों और लाइसेंस में कमियां पाई गईं। इसके बाद प्रतिष्ठान को बंद करा दिया गया।
रिंकू फूड्स में 5,550 किलो नूडल्स पर कार्रवाई
रामकृष्णा नगर के भूपतिपुर स्थित रिंकू फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में भी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान 5,550 किलो नूडल्स पर कार्रवाई की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2.22 लाख रुपये है। नूडल्स की पैकेजिंग पर निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि और बैच नंबर से संबंधित अनियमितताएं मिलीं। इसके अलावा आटे से जुड़े दस्तावेजों और परिसर की स्थिति पर भी सवाल उठे। टीम ने नूडल्स और मैदा के नमूने लेकर प्रतिष्ठान को कमियां दूर करने के निर्देश दिए।
साधु स्वीट्स की कार्यशाला में गंदगी, दो दिन तक मिठाई निर्माण बंद
दानापुर कैंट के सदर बाजार स्थित साधु स्वीट्स एंड कन्फेक्शनरी की कार्यशाला में निरीक्षण के दौरान स्वच्छता की गंभीर कमियां मिलीं। यहां 40 किलो खोया और 2 किलो औद्योगिक उपयोग वाले हाइड्रो को नष्ट कराया गया। इनकी कुल कीमत 12,300 रुपये बताई गई है। जांच में निर्माण स्थल पर साफ-सफाई और पर्याप्त रोशनी की कमी, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता में लापरवाही तथा खाद्य और अखाद्य सामग्री को एक साथ रखने जैसी खामियां सामने आईं। मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और जल परीक्षण रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थीं। टीम ने बेसन लड्डू और काजू कतली के नमूने लिए तथा कमियां दूर करने के लिए दो दिनों तक खाद्य पदार्थों का निर्माण बंद रखने का निर्देश दिया।
स्वीट्स एंड स्नैक्स से खाद्य सामग्री जब्त, 20 किलो खोया नष्ट
अनिसाबाद-खगौल स्थित स्वीट्स एंड स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड में भी जांच के दौरान कई अनियमितताएं मिलीं। टीम ने यहां से 6 किलो ड्राई अमचूर पाउडर, 4 किलो कस्टर्ड पाउडर और 450 ग्राम के 256 पैकेट चाउ नूडल्स जब्त किए। इनकी कुल कीमत करीब 13,786 रुपये दर्ज की गई।
इसके अलावा 20 किलो खोया, जिसकी कीमत करीब 6 हजार रुपये थी, नष्ट कराया गया। जांच के दौरान मिठाई निर्माण क्षेत्र में मक्खियां मिलीं। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, जल परीक्षण और पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थीं। टीम ने सात तरह की खाद्य सामग्री के नमूने संग्रहित किए।
फुलवारीशरीफ में एक्सपायरी दूध मिला, लॉरेन्स और विकास की मिठाई दुकान बंद
फुलवारीशरीफ स्थित मां डेयरी प्रोडक्ट में जांच के दौरान 9 लीटर एक्सपायरी दूध मिला, जिसकी कीमत 540 रुपये बताई गई। टीम ने दूध को नष्ट कराया और रसगुल्ले का नमूना जांच के लिए लिया। वहीं, भूपतिपुर स्थित लॉरेन्स स्वीट्स से 600 किलो लड्डू दाना जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये है। प्रतिष्ठान का लाइसेंस नहीं होने के कारण इसे बंद करा दिया गया। इसी इलाके में विकास की मिठाई दुकान पर भी कार्रवाई हुई। यहां से 525 किलो लड्डू दाना जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 63 हजार रुपये बताई गई। लाइसेंस नहीं मिलने पर इस दुकान को भी बंद करा दिया गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए हैं। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए पटना के अलग-अलग इलाकों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।