Sleep Apnea: रात में सोते समय अचानक नींद खुल जाना कई लोगों के साथ होता है और कभी-कभार ऐसा होना सामान्य माना जा सकता है। लेकिन जब बार-बार अचानक नींद लगातार रात के बीच में खुल रही है। या फिर सुबह उठने के बाद थकान और चिड़चिड़ापन महसूस होता है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। क्योंकि बार-बार नींद टूटना तनाव, खराब नींद की आदतों के साथ-साथ कुछ स्लीप डिसऑर्डर का संकेत भी हो सकता है।

तनाव और चिंता भी हो सकती है वजह

रात में नींद खुलने की सबसे आम वजहों में तनाव और चिंता शामिल हैं। दिनभर की परेशानियां और लगातार किसी बात के बारे में सोचते रहना दिमाग को आराम नहीं लेने देता। ऐसे में व्यक्ति को नींद आने के बाद भी बार-बार जागने की समस्या हो सकती है। इसके अलावा कमरे का तापमान, शोर, रोशनी, असहज बिस्तर या गलत तकिया भी नींद को प्रभावित कर सकता है।

अनिद्रा क्या है?

अनिद्रा यानी Insomnia में व्यक्ति को सोने में परेशानी होने के साथ-साथ रात में बार-बार नींद टूटने की समस्या हो सकती है। कुछ लोगों की नींद सुबह होने से पहले खुल जाती है और फिर दोबारा नींद नहीं आती। लंबे समय तक ऐसा रहने पर दिन में थकान, ध्यान लगाने में परेशानी और चिड़चिड़ापन महसूस हो सकता है।

स्लीप एपनिया के लक्षणों को पहचानें

स्लीप एपनिया एक ऐसी स्थिति है जिसमें सोते समय सांस बार-बार रुक सकती है और फिर दोबारा शुरू होती है। तेज खर्राटे, नींद में सांस लेने में परेशानी, घुटन या हांफते हुए जागना इसके संकेत हो सकते हैं। कई बार व्यक्ति को खुद इसका पता नहीं चलता और परिवार का कोई सदस्य इन लक्षणों को नोटिस करता है।

अच्छी नींद के लिए अपनाएं ये आदतें

बेहतर नींद के लिए नियमित दिनचर्या और एक्टिव लाइफस्टाइल अपनाना जरूरी है। सोने और जागने का समय लगभग तय रखें। सोने से पहले मोबाइल, लैपटॉप और दूसरे गैजेट्स का इस्तेमाल कम करें। इसकी जगह किताब पढ़ना या शांत संगीत सुनना बेहतर विकल्प हो सकता है। साथ ही कमरे में ज्यादा रोशनी और शोर न हो इसका ध्यान रखें।

ये भी पढ़ें: आसमान से सीधे जमीन पर गिरी महिला… फिर जो हुआ, VIDEO देख यकीन नहीं होगा!


अगर रात में बार-बार नींद खुलने की समस्या लगातार बनी रहती है, दिन में अत्यधिक नींद आती है या खर्राटों के साथ सांस रुकने जैसी समस्या होती है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।