बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही का नाम एक बार फिर कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की ठगी के मामले को लेकर चर्चा में है। इस बीच नोरा की लीगल टीम ने स्पष्ट किया है कि एक्ट्रेस इस मामले में आरोपी नहीं हैं, बल्कि उन्हें केवल गवाह के तौर पर अदालत में बुलाया गया है। टीम ने कहा कि नोरा जांच और न्यायिक प्रक्रिया में पूरा सहयोग कर रही हैं।

अदालत में पेश नहीं हो सकीं नोरा

यह मामला 2 नवंबर 2026 को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई के लिए आया था। इस दौरान आर्थिक अपराध शाखा (EOW) से जुड़े मामले में नोरा फतेही को गवाही देने के लिए अदालत में पेश होना था। हालांकि, उनके वकीलों ने अदालत को बताया कि नोरा को समन काफी कम समय पहले मिला था और पहले से तय प्रोफेशनल कमिटमेंट के कारण वह पेश नहीं हो सकीं। इसके बाद उनकी ओर से व्यक्तिगत पेशी से छूट के लिए आवेदन दाखिल किया गया। अदालत ने आवेदन पर सुनवाई करते हुए मामले को 6 नवंबर 2026 तक के लिए टाल दिया और नोरा को दोबारा पेश होने के लिए नया समन जारी किया।

लीगल टीम ने क्या कहा?

नोरा फतेही की लीगल टीम ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि एक्ट्रेस को इस मामले में गवाह के तौर पर समन भेजा गया था। उनके वकील अदालत में पेश हुए और अनुपस्थिति की वजह बताई। टीम ने साफ शब्दों में कहा कि नोरा न तो इस मामले में आरोपी हैं और न ही उन पर किसी अपराध में शामिल होने का आरोप है। उन्हें केवल गवाह के रूप में अदालत की कार्यवाही में सहायता करने के लिए बुलाया गया है।

क्या है सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा मामला?

दरअसल, सुकेश चंद्रशेखर पर दिल्ली की रोहिणी जेल में बंद रहने के दौरान करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी का रैकेट चलाने का आरोप है। बताया जाता है कि उसने खुद को वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बताकर कई लोगों से धोखाधड़ी की थी। इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने की थी। जांच के बाद महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) के तहत चार्जशीट दाखिल की गई।

जांच के दौरान नोरा फतेही से सुकेश और उसकी पत्नी लीना मारिया पॉलोस के साथ कथित संपर्कों को लेकर पूछताछ हुई थी। उनका बयान भी मजिस्ट्रेट के सामने सीआरपीसी की धारा 164 के तहत दर्ज किया गया था। बाद में पुलिस ने सप्लीमेंट्री चार्जशीट में नोरा को अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर शामिल किया। अब सभी की नजरें 6 नवंबर की सुनवाई पर हैं, जहां नोरा की अदालत में पेशी होनी है। 

ये भी पढ़ें: ईशान खट्टर से जीनत अमान तक, The Royals Season 2 में फिर दिखेगा सितारों का जलवा!