करण जौहर अपने चर्चित सेलिब्रिटी चैट शो 'कॉफी विद करण' के नए सीजन के साथ वापसी की तैयारी में हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, शो की शूटिंग शुरू हो चुकी है और मेकर्स ने शुरुआती एपिसोड्स की रिकॉर्डिंग भी शुरू कर दी है। इस बीच शो के एक एपिसोड को लेकर दिलचस्प जानकारी सामने आई है।बताया जा रहा है कि नए सीजन में जाह्नवी कपूर और वरुण धवन एक साथ करण जौहर के काउच पर दिखाई देंगे। खास बात यह है कि इस एपिसोड की शूटिंग यशराज फिल्म्स के स्टूडियो में की गई है। जाह्नवी और वरुण पहली बार इस चैट शो में बतौर जोड़ी नजर आएंगे।

अर्जुन कपूर ने किया सरप्राइज

एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक जाह्नवी और वरुण के साथ शूट किए गए इस एपिसोड में अर्जुन कपूर भी अचानक दिखाई दिए, उनकी एंट्री दोनों एक्टर्स के लिए सरप्राइज बताई जा रही है। अर्जुन कपूर का 'कॉफी विद करण' से पुराना कनेक्शन रहा है। खासकर शो के पांचवें सीजन में उनकी अचानक होने वाली एंट्रीज ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। ऐसे में इस बार भी उनका कैमियो शो में एक मजेदार ट्विस्ट लेकर आया। रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि अर्जुन कपूर, वरुण धवन और जाह्नवी कपूर ने शूटिंग के दौरान कई किस्से साझा किए। तीनों ने एक-दूसरे के साथ खूब मस्ती की और मजाक-मजाक में एक-दूसरे की खिंचाई भी की। इसी वजह से एपिसोड में कई अनफिल्टर्ड और मनोरंजक पल देखने को मिल सकते हैं। वरुण धवन और अर्जुन कपूर की दोस्ती से भी दर्शक परिचित हैं। दोनों इससे पहले 2016 में 'कॉफी विद करण' के एक एपिसोड में साथ नजर आ चुके हैं, जहां उनकी बॉन्डिंग ने खूब मनोरंजन किया था।

'कॉफी विद करण 5' में अर्जुन का खास कनेक्शन

'कॉफी विद करण' के पांचवें सीजन में अर्जुन कपूर की मौजूदगी काफी खास रही थी। वह अलग-अलग मौकों पर शो में अचानक दिखाई दिए और बाद में उन्हें स्पेशल 'कॉफी अवॉर्ड' भी मिला था। उस सीजन में अर्जुन कई बार बिना किसी पूर्व घोषणा के शो का हिस्सा बने थे। 'किस द अर्जुन' गेम के दौरान वह रणबीर कपूर और रणवीर सिंह के बीच जाकर बैठ गए थे। इसके अलावा कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा वाले एपिसोड में भी उनकी अचानक एंट्री देखने को मिली थी। उन्होंने एक 'रैपिड फायर' राउंड में गेस्ट जज की भूमिका भी निभाई थी।

चौथी बार शो में आएंगी जाह्नवी

जाह्नवी कपूर के लिए 'कॉफी विद करण 9' शो में चौथी मौजूदगी होगी, उन्होंने साल 2018 में अर्जुन कपूर के साथ इस चैट शो से शुरुआत की थी। इसके बाद वह सातवें सीजन में सारा अली खान और आठवें सीजन में अपनी बहन खुशी कपूर के साथ नजर आई थीं। दूसरी ओर, वरुण धवन शो के पुराने चेहरों में शामिल हैं। वह पहली बार 'कॉफी विद करण' में 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' के अपने को-स्टार्स आलिया भट्ट और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ नजर आए थे। इसके बाद वह शो के अलग-अलग सीजन में कई बार दिखाई दे चुके हैं और अर्जुन कपूर, कैटरीना कैफ और अनिल कपूर समेत कई सितारों के साथ काउच शेयर कर चुके हैं।

इस हफ्ते OTT पर रिलीज होंगी साउथ की ये फिल्में, घर बैठे फैमिली के साथ एक्शन से थ्रिलर तक लें मजा

सलमान और शाहरुख को लेकर भी चर्चा

'कॉफी विद करण 9' के गेस्ट लाइनअप को लेकर अभी मेकर्स की तरफ से आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। हालांकि, रिपोर्ट्स में सलमान खान के शो के शुरुआती एपिसोड में अकेले मेहमान के तौर पर नजर आने की चर्चा है। इसके अलावा शाहरुख खान और उनके बेटे आर्यन खान की संभावित मौजूदगी को लेकर भी खबरें सामने आई हैं। फिलहाल इन नामों पर मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में नए सीजन में कौन-कौन से सितारे करण जौहर के काउच पर पहुंचेंगे, इसका खुलासा आने वाले दिनों में ही होगा।