Scholarship 2026 for BTech Students: इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए स्कॉलरशिप पाने का मौका है। AICTE की Swanath Scholarship Scheme 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस योजना के तहत पात्र छात्रों को पढ़ाई से जुड़े खर्चों के लिए हर साल 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
खास बात यह है कि यह सामान्य मेरिट के आधार पर मिलने वाली स्कॉलरशिप नहीं है। योजना का उद्देश्य ऐसे छात्रों को आर्थिक सहारा देना है, जिनकी पारिवारिक परिस्थितियां मुश्किल रही हैं। पात्र उम्मीदवार National Scholarship Portal (NSP) के जरिए आवेदन कर सकते हैं।2026-27 सत्र के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में पात्र छात्रों को अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।
AICTE Swanath Scholarship किन छात्रों के लिए है?
Swanath Scholarship हर BTech या डिप्लोमा छात्र के लिए उपलब्ध नहीं है। AICTE की पात्रता शर्तों के मुताबिक, यह योजना विशेष सामाजिक और पारिवारिक परिस्थितियों वाले विद्यार्थियों के लिए है।
इसमें ऐसे छात्र शामिल हो सकते हैं:
- जिनके माता-पिता की मृत्यु कोविड-19 के कारण हुई हो।
- शहीद कर्मियों के बच्चे।
- ऐसे छात्र जिनके माता-पिता में से कोई गंभीर और जानलेवा बीमारी से पीड़ित हो।
- ऐसे विद्यार्थी जिनके माता-पिता में से कोई दुर्घटना के कारण 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग हो।
यानी सिर्फ BTech में पढ़ाई करना इस स्कॉलरशिप के लिए पर्याप्त नहीं है। उम्मीदवार को योजना में निर्धारित विशेष पात्रता शर्तों को भी पूरा करना होगा।
BTech छात्रों के लिए क्या है Eligibility?
AICTE Swanath Scholarship के लिए आवेदन करने वाले छात्र को किसी AICTE-approved संस्थान में नियमित रूप से डिग्री या डिप्लोमा टेक्निकल कोर्स करना चाहिए।डिग्री और डिप्लोमा के अलग-अलग वर्षों में पढ़ रहे छात्र भी योजना के नियमों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।इसके अलावा उम्मीदवार की परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सक्षम सरकारी प्राधिकरण से जारी वैध आय प्रमाण पत्र देना होगा।
हर साल कितने छात्रों को मिलेगी स्कॉलरशिप?
AICTE की गाइडलाइंस के अनुसार इस योजना के तहत हर साल अधिकतम 2,000 स्कॉलरशिप दी जाती हैं।
इनमें:
- 1,000 स्कॉलरशिप डिग्री लेवल के छात्रों के लिए
- 1,000 स्कॉलरशिप डिप्लोमा लेवल के छात्रों के लिए
रखी गई हैं।
इसलिए पात्रता पूरी करने वाले सभी उम्मीदवारों को अपने आप स्कॉलरशिप मिल जाएगी, ऐसा जरूरी नहीं है। चयन निर्धारित प्रक्रिया और उपलब्ध स्लॉट के आधार पर किया जाता है।
₹50,000 का इस्तेमाल कहां कर सकते हैं?
चयनित उम्मीदवार को सालाना 50 हजार रुपये की सहायता मिलती है। यह राशि पढ़ाई से जुड़े जरूरी खर्चों को पूरा करने में मदद के लिए दी जाती है।इसका इस्तेमाल कॉलेज फीस, किताबें, कंप्यूटर, जरूरी उपकरण और शैक्षणिक सॉफ्टवेयर जैसे खर्चों के लिए किया जा सकता है।हालांकि योजना में हॉस्टल या मेडिकल खर्च के लिए अलग से अतिरिक्त राशि देने का प्रावधान नहीं है।
कितने साल तक मिल सकती है ₹50 हजार की मदद?
स्कॉलरशिप की अवधि इस बात पर निर्भर करती है कि छात्र अपने कोर्स के किस साल में पढ़ रहा है।
डिग्री कोर्स:
- पहले साल में प्रवेश लेने वाले छात्र को अधिकतम 4 साल तक लाभ मिल सकता है।
- दूसरे साल के छात्र के लिए अधिकतम 3 साल।
- तीसरे साल के छात्र के लिए 2 साल।
- चौथे साल के छात्र को 1 साल की सहायता मिल सकती है।
डिप्लोमा कोर्स में अधिकतम अवधि 3 साल तक है। अगर छात्र पहले से दूसरे या तीसरे साल में पढ़ रहा है तो उसे कोर्स में बची अवधि के अनुसार स्कॉलरशिप मिल सकती है।
मेरिट कैसे तय होगी?
यहां एक जरूरी बात है कि यह स्कॉलरशिप वेलफेयर बेस्ड है, लेकिन उम्मीदवारों के चयन में शैक्षणिक प्रदर्शन को भी आधार बनाया जाता है।डिग्री स्तर पर चयन के लिए 12वीं या समकक्ष परीक्षा के अंकों को देखा जाता है। अगर दो उम्मीदवारों के अंक बराबर हैं, तो पहले 10वीं के अंकों के आधार पर प्राथमिकता तय की जाती है।इसके बाद भी बराबरी होने पर उम्र और जरूरत पड़ने पर पारिवारिक आय को आधार बनाया जा सकता है।वहीं डिप्लोमा स्तर पर 10वीं या समकक्ष परीक्षा के अंक मुख्य आधार होते हैं। समान अंक होने पर उम्र और फिर पारिवारिक आय देखी जाती है।
Swanath Scholarship 2026 के लिए कैसे करें आवेदन?
AICTE Swanath Scholarship के लिए आवेदन ऑनलाइन किया जा सकता है। इसके लिए उम्मीदवार को National Scholarship Portal (NSP) पर जाना होगा।आवेदन के दौरान उम्मीदवार को अपनी शैक्षणिक और व्यक्तिगत जानकारी भरनी होगी और योजना के अनुसार जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।आवेदन जमा होने के बाद प्रक्रिया यहीं खत्म नहीं होती। पहले संबंधित शिक्षण संस्थान आवेदन का ऑनलाइन सत्यापन करता है। इसके बाद संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से अगले स्तर पर जांच की जाती है।इसलिए आवेदन भरते समय जानकारी और दस्तावेजों में गलती न करें।
31 अक्टूबर है आखिरी तारीख
AICTE Swanath Scholarship के 2026-27 अकादमिक सत्र के लिए आवेदन शुरू हो चुके हैं। पात्र उम्मीदवार 31 अक्टूबर 2026 तक NSP के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को AICTE और National Scholarship Portal पर उपलब्ध मौजूदा गाइडलाइंस जरूर पढ़नी चाहिए, क्योंकि पात्रता, दस्तावेज और सत्यापन से जुड़ी शर्तें महत्वपूर्ण हैं।