IIT Hyderabad AI Course: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए IIT Hyderabad ने नया Applied AI Professional Certification Programme शुरू किया है। खास बात यह है कि इस प्रोग्राम में दाखिले के लिए JEE की जरूरत नहीं है। हालांकि, यह समझना जरूरी है कि यह IIT Hyderabad का रेगुलर BTech या डिग्री कोर्स नहीं है, बल्कि एक प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन प्रोग्राम है।
इस प्रोग्राम में AI की सामान्य जानकारी देने के बजाय AI एजेंट सिस्टम तैयार करने और उन्हें प्रोडक्शन में इस्तेमाल करने से जुड़ी प्रैक्टिकल स्किल्स पर जोर दिया गया है। इच्छुक उम्मीदवार इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
4 हफ्ते का है Applied AI प्रोग्राम
IIT Hyderabad का यह Applied AI Professional Certification Programme कुल 4 सप्ताह का है। इसकी पढ़ाई हाइब्रिड मोड में होगी, यानी ऑनलाइन सेशन के साथ IIT Hyderabad कैंपस में भी कुछ गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।प्रोग्राम में 40 घंटे से ज्यादा की लर्निंग और बिल्डिंग एक्टिविटी शामिल है। इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को सिर्फ AI टूल इस्तेमाल करने तक सीमित रखने के बजाय AI आधारित एप्लीकेशन तैयार करने की व्यावहारिक समझ देना है।
AI एजेंट से लेकर RAG और मल्टी-एजेंट सिस्टम तक सीखेंगे
कोर्स में AI इंजीनियरिंग से जुड़े कई महत्वपूर्ण कॉन्सेप्ट पर काम कराया जाएगा। इसमें टूल कॉलिंग, रिट्रीवल, मेमोरी, ऑर्केस्ट्रेशन, गार्डरेल्स, ट्रेसिंग और इवैल्यूएशन जैसे विषय शामिल हैं।इसके अलावा प्रतिभागियों को प्रोडक्शन-स्टाइल AI एजेंट एप्लीकेशन बनाने पर भी काम करना होगा। करिकुलम में Production RAG, Knowledge and Memory, Graph-based Multi-Agent Systems और AI Evaluation जैसे टॉपिक शामिल हैं।प्रोग्राम में LangChain, LangGraph, Qdrant, Langfuse और Model Context Protocol जैसी तकनीकों से भी परिचय कराया जाएगा। फाइनल प्रोजेक्ट में AI एजेंट एप्लीकेशन की टेस्टिंग, मॉनिटरिंग और डिप्लॉयमेंट की तैयारी पर फोकस रहेगा।
JEE नहीं, लेकिन ये स्किल्स जरूरी
चूंकि यह IIT Hyderabad का रेगुलर डिग्री एडमिशन प्रोग्राम नहीं है, इसलिए आवेदन के लिए JEE की जरूरत नहीं है।यह प्रोग्राम खासतौर पर सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेटा साइंटिस्ट, फुल-स्टैक डेवलपर, AI इंजीनियर और आर्किटेक्ट जैसे प्रोफेशनल्स के लिए तैयार किया गया है। AI के क्षेत्र में आगे बढ़ने की योजना बना रहे उम्मीदवार भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।हालांकि, उम्मीदवार के पास Python की जानकारी, REST API की समझ और LLM तथा Generative AI की बुनियादी जानकारी होना अपेक्षित है। OpenAI API जैसे टूल्स के साथ काम करने का अनुभव भी उपयोगी रहेगा।
कितनी है फीस?
प्रोग्राम की फीस दो स्तरों पर रखी गई है। शुरुआती 20 उम्मीदवारों के लिए Early Bird फीस 45,000 रुपये है, जबकि Standard फीस 50,000 रुपये है। दोनों फीस पर लागू टैक्स अलग से देना होगा।प्रोग्राम और निर्धारित असेसमेंट पूरा करने वाले प्रतिभागियों को IIT Hyderabad का Professional Certificate दिया जाएगा।
कब से शुरू होगा प्रोग्राम?
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक Applied AI Professional Certification Programme की अवधि 19 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक है। इच्छुक उम्मीदवार IIT Hyderabad के आधिकारिक प्रोग्राम पेज पर जाकर रजिस्ट्रेशन के जरिए आवेदन कर सकते हैं।ध्यान रहे कि यह कोर्स IIT Hyderabad में BTech या किसी अन्य रेगुलर डिग्री में प्रवेश का विकल्प नहीं है। यह उन लोगों के लिए प्रोफेशनल अपस्किलिंग प्रोग्राम है, जो AI एजेंट और आधुनिक AI इंजीनियरिंग की व्यावहारिक तकनीकों पर काम करना चाहते हैं।