Bihar Librarian Vacancy 2026: बिहार में सरकारी लाइब्रेरियन बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग के निर्देश के बाद बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने BSEB LET 2026 को लेकर तारीखों की घोषणा कर दी है। इस परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थी सरकारी स्कूल लाइब्रेरियन भर्ती में शामिल हो सकते है।

1 अक्टूबर से शुरू होंगे आवेदन

BSEB LET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार 21 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।

परीक्षा शुल्क, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण निर्देशों की जानकारी बोर्ड की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी जाएगी। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह है कि वे आवेदन शुरू होने से पहले जरूरी दस्तावेज तैयार रखें।

19 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच परीक्षा

बिहार बोर्ड ने आवेदन की तारीखों के साथ परीक्षा की संभावित अवधि भी घोषित कर दी है। विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 का आयोजन 19 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 के बीच किया जा सकता है। अभ्यर्थियों को परीक्षा की सटीक तारीख, शिफ्ट और केंद्र से संबंधित जानकारी आधिकारिक सूचना के माध्यम से मिलेगी। उम्मीदवारों को परीक्षा की तैयारी के लिए अभी से रणनीति बनानी चाहिए, ताकि पात्रता परीक्षा में अच्छे अंक हासिल किए जा सकें।

लाइब्रेरियन भर्ती के लिए जरूरी योग्यता

सरकारी स्कूलों में लाइब्रेरियन पद के लिए अभ्यर्थी का लाइब्रेरी साइंस में स्नातक होना जरूरी है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए स्नातक में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं आरक्षित वर्ग, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों को 5 प्रतिशत की छूट दी गई है। इन वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक जरूरी होंगे। इसके साथ ही उम्मीदवार को पात्रता परीक्षा पास करना अनिवार्य होगा।

ये भी पढ़ें:  Gold Silver Price Today Crash: सोना 2,000 रुपये से ज्यादा सस्ता, चांदी में भी बड़ी गिरावट, जानें Gold-Silver का भाव


उम्र और महिला आरक्षण के नियम

अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए। नई नियम के तहत भर्ती में अधिकतम आयु सीमा में 10 वर्ष तक की छूट दिए जाने का प्रावधान है। इसके अलावा नई व्यवस्था के अनुसार कुल 35 % पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए जा सकते हैं। हालांकि पदों की वास्तविक संख्या और आरक्षण से जुड़ी अंतिम जानकारी भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद स्पष्ट होगी। 

इस परीक्षा को सरकारी लाइब्रेरियन भर्ती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ऐसे में उम्मीदवार आवेदन की तारीख और आधिकारिक नोटिफिकेशन पर नजर बनाए रखें और परीक्षा की तैयारी समय रहते शुरू कर दें।