Stock Market Holiday 14 September 2026: अगर आप शेयर बाजार में निवेश या ट्रेडिंग करते हैं, तो सोमवार यानी 14 सितंबर 2026 की तारीख आपके लिए महत्वपूर्ण है। आमतौर पर सोमवार से शेयर बाजार में कारोबारी सप्ताह की शुरुआत होती है, लेकिन इस बार बीएसई और एनएसई पर नियमित ट्रेडिंग नहीं होगी। गणेश चतुर्थी के अवसर पर शेयर बाजार में छुट्टी घोषित की गई है।

14 सितंबर को इक्विटी और इक्विटी डेरिवेटिव्स समेत कई सेगमेंट में कारोबार पूरी तरह बंद रहेगा। ऐसे में निवेशकों को ट्रेडिंग से जुड़े अपने प्लान छुट्टी के शेड्यूल के अनुसार बनाने होंगे।

गणेश चतुर्थी के कारण बंद रहेगा बाजार

गणेश चतुर्थी के चलते सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में अवकाश रहेगा। इस दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी BSE और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE के इक्विटी सेगमेंट में कारोबार नहीं होगा।इसके अलावा इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, NDS-RST और ट्राई-पार्टी रेपो सेगमेंट भी बंद रहेंगे। यानी इन सेगमेंट में निवेशक सामान्य कारोबारी गतिविधियां नहीं कर सकेंगे।

कमोडिटी मार्केट में शाम से शुरू होगी ट्रेडिंग

कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स यानी EGR सेगमेंट में कारोबार पूरी तरह बंद नहीं रहेगा। इन सेगमेंट में पहले हाफ में ट्रेडिंग नहीं होगी, जबकि दूसरे हाफ में शाम 5 बजे से कारोबार दोबारा शुरू हो जाएगा।इसका मतलब है कि कमोडिटी मार्केट में सोमवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक ट्रेडिंग बंद रहेगी। शाम 5 बजे के बाद इन सेगमेंट में कारोबार शुरू किया जा सकेगा।

2026 में शेयर बाजार की अगली छुट्टियां

गणेश चतुर्थी के बाद 2026 में शेयर बाजार की अगली छुट्टी 2 अक्टूबर को होगी। इस दिन महात्मा गांधी जयंती के कारण बाजार बंद रहेगा। इसके बाद दशहरा, दिवाली बलिप्रतिपदा, गुरु नानक देव जयंती और क्रिसमस के अवसर पर भी ट्रेडिंग नहीं होगी।

शेयर बाजार की आगामी छुट्टियों की सूची इस प्रकार है:

  • 2 अक्टूबर 202-शुक्रवार- महात्मा गांधी जयंती
  • 20 अक्टूबर 2026- मंगलवार- दशहरा
  • 10 नवंबर 2026-मंगलवार- दिवाली-बलिप्रतिपदा
  • 24 नवंबर 2026- मंगलवार- प्रकाश गुरपर्व श्री गुरु नानक देव
  • 25 दिसंबर 2026- शुक्रवार- क्रिसमस

इस तरह अक्टूबर में बाजार दो दिन बंद रहेगा। वहीं नवंबर में दो और दिसंबर में एक कारोबारी अवकाश रहेगा।

14 सितंबर को गणेश चतुर्थी पूजा का शुभ मुहूर्त

गणेश चतुर्थी का त्योहार 14 सितंबर 2026 को मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान गणेश की पूजा और मूर्ति स्थापना के लिए मध्याह्न का समय शुभ माना जाता है। मान्यता है कि भगवान गणेश का जन्म मध्याह्न काल में हुआ था, इसलिए इस दौरान पूजा करने की परंपरा है।नई दिल्ली के लिए 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी पूजा का मुहूर्त सुबह 11:02 बजे से दोपहर 1:31 बजे तक बताया गया है।

शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुआ बाजार

छुट्टी से पहले शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 120.83 अंक यानी 0.16 प्रतिशत गिरकर 74,781.76 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 742.43 अंक यानी 0.99 प्रतिशत तक गिरकर 74,160.16 अंक पर पहुंच गया था।इसी तरह, एनएसई का निफ्टी भी 79.70 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,398.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 246.4 अंक यानी 1.04 प्रतिशत तक टूटकर 23,231.40 अंक पर आ गया था।