Rahul Gandhi on Amit Shah: संसद के मानसून सत्र का आखिरी दिन करीब है, लेकिन सरकार और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। लोकसभा और राज्यसभा में लगातार हंगामे और विरोध-प्रदर्शन के चलते कई अहम मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकी। विपक्ष गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग कर रहा है, जबकि सरकार का आरोप है कि विपक्ष सदन की कार्यवाही चलने नहीं दे रहा।
अमित शाह ने तोड़ी चुप्पी
लगातार उठ रहे सवालों के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने मीडिया से बातचीत में अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सत्र शुरू होने के बाद से वह लगातार संसद में मौजूद हैं और अपने चैंबर में बैठते रहे हैं। उनके मुताबिक, विपक्ष सदन को चलने नहीं दे रहा, इसलिए चर्चा आगे नहीं बढ़ पा रही है।
#WATCH दिल्ली: गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "देखिए सबसे पहले लापता और भाग गए हैं इस प्रकार की भाषा भारत की सर्वाजनिक जीवन में, संसदीय जीवन में अभी अभी सुनाई देती है। जब से संसद सत्र शुरू हुआ है तबसे मैं लगातार संसद में आता हूं और अपने चैंबर में बैठा हूं चूंकि विपक्ष सदन को चलने… pic.twitter.com/JzjbmHMn6W
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 12, 2026
अमित शाह ने कहा कि सरकार सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह चर्चा के लिए तैयार हो और स्पीकर को समय तय करने के लिए पत्र दे। शाह ने स्पष्ट किया कि वह सदन में बैठकर सभी पक्षों को सुनने और सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अब फैसला विपक्ष को करना है कि उसे चर्चा करनी है या हंगामा जारी रखना है।
राहुल गांधी का पलटवार
अमित शाह के बयान के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि जब किसी व्यक्ति में सच बोलने की हिम्मत नहीं होती, तो उसकी चुप्पी ही उसकी बात कह देती है। उन्होंने अमित शाह की चुप्पी को कथित तौर पर 'कबूलनामा' बताया।
राहुल गांधी ने छात्रों से जुड़े विरोध-प्रदर्शन और कथित हिंसा का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि छात्रों पर गोली चलाने और लाठीचार्ज का आदेश किसने दिया। उन्होंने कहा कि यदि गृह मंत्री ने ऐसा कोई आदेश दिया है तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।
#WATCH दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कहा,"विपक्ष ने साफ़ कहा है कि हमें अमित शाह का बयान सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। जब मैं 'हम' कहता हूं, तो मेरा मतलब देश की युवा पीढ़ी से है। छात्रों पर गोली किसने चलाई? कील लगी लाठियों से… pic.twitter.com/aFmBxGbYoX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 12, 2026
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि अमित शाह पिछले कई दिनों से सदन में सामने नहीं आ रहे हैं। हालांकि अमित शाह ने अपने बयान में संसद में लगातार मौजूद रहने की बात कही है।
ये भी पढ़ें: झारखंड में JSSC CGL को लेकर बवाल: CBI जांच की मांग पर अड़े छात्र, युवाओं के सामने झुकेगी सरकार!
Written By: Geeta Sharma