सिनेमा हॉल में फिल्म देखने जाने वाले दर्शकों के लिए महंगे पॉपकॉर्न, समोसे और कोल्ड ड्रिंक्स अक्सर जेब पर भारी पड़ते हैं। लेकिन यही महंगे स्नैक्स मल्टीप्लेक्स चेन PVR Inox के लिए कमाई का बड़ा जरिया बन चुके हैं। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने फूड एंड बेवरेजेज (F&B) से 2,088 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया, जो कंपनी के कुल रेवेन्यू का करीब 31 फीसदी है।
टिकट से ज्यादा नहीं, लेकिन कमाई में बेहद अहम F&B बिजनेस
सिनेमाघरों की कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा आमतौर पर टिकट बिक्री से आता है, लेकिन टिकट की कमाई पूरी तरह थिएटर संचालक के पास नहीं रहती। इसका एक बड़ा हिस्सा फिल्म प्रोड्यूसर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ साझा करना पड़ता है। ऐसे में पॉपकॉर्न, समोसे और बेवरेजेज जैसे F&B प्रोडक्ट्स मल्टीप्लेक्स कंपनियों के लिए ज्यादा आकर्षक कमाई का साधन बन जाते हैं। PVR Inox के वित्त वर्ष 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, टिकट बिक्री से कंपनी को 3,530 करोड़ रुपये की कमाई हुई। यह कुल रेवेन्यू का 52.3 फीसदी है। इसके मुकाबले F&B से 2,088 करोड़ रुपये का रेवेन्यू आया।
पॉपकॉर्न पर क्यों है इतना भरोसा?
F&B बिजनेस की सबसे बड़ी खासियत इसका बेहतर मार्जिन है। टिकट बिक्री में होने वाली कमाई का लगभग 40-50 फीसदी हिस्सा फिल्ममेकर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ साझा करना पड़ता है। वहीं पॉपकॉर्न और अन्य खाने-पीने की चीजों पर मल्टीप्लेक्स कंपनियों को काफी ज्यादा मार्जिन मिल सकता है।
इसके अलावा, किसी फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर खराब प्रदर्शन का असर टिकट बिक्री पर पड़ सकता है, लेकिन दर्शक थिएटर पहुंचने के बाद F&B पर खर्च कर सकते हैं। यही वजह है कि यह सेगमेंट कंपनी के कैश फ्लो को सपोर्ट करता है।
विज्ञापन और सुविधा शुल्क से भी मजबूत कमाई
PVR Inox की कमाई सिर्फ टिकट और पॉपकॉर्न तक सीमित नहीं है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने विज्ञापन से 464 करोड़ रुपये कमाए, जो कुल रेवेन्यू का 6.9 फीसदी रहा। वहीं सुविधा शुल्क से कंपनी को 661 करोड़ रुपये की आय हुई, जिसका कुल रेवेन्यू में हिस्सा 9.8 फीसदी था। कंपनी का वित्त वर्ष 2026 में कुल रेवेन्यू 6,743 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2025 के मुकाबले करीब 16 फीसदी अधिक है।
QSR बिजनेस में उतरने की तैयारी
PVR Inox अब अपने F&B बिजनेस को सिनेमाघरों से बाहर ले जाने की तैयारी में है। कंपनी ने देवयानी इंटरनेशनल के साथ जॉइंट वेंचर बनाया है, जिसके जरिए शॉपिंग मॉल्स में फूड कोर्ट्स खोलने की योजना है।
ये भी पढ़ें: आखिर क्यों कातिल बन रही हैं पत्नियां? एक्सपर्ट ने बताया हैरान करने वाला सच
इस मॉडल की खासियत यह होगी कि PVR Inox के फूड ब्रांड्स से कमाई करने के लिए ग्राहक का फिल्म देखने आना जरूरी नहीं होगा। मॉल में आने वाले सामान्य ग्राहक भी इन फूड आउटलेट्स पर खर्च कर सकेंगे। यानी PVR Inox के लिए अब फिल्म सिर्फ कमाई का जरिया नहीं, बल्कि ग्राहकों को थिएटर तक लाने का माध्यम भी बनती जा रही है। असली कमाई का ‘सुपरस्टार’ पॉपकॉर्न और पूरा F&B बिजनेस बनता दिखाई दे रहा है।
Written By: Geeta Sharma