Maharajganj News: महराजगंज में मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। निचलौल-महराजगंज मार्ग पर दमकी गांव के सामने तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गई। चारों युवक एक ही बाइक से निचलौल में दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने जा रहे थे।
एक बाइक पर सवार थे चारों दोस्त
निचलौल थाना क्षेत्र के पचमा गांव के केवटान टोला निवासी सन्नी (22), किशन (19), विवेक (20) और शिव (18) मंगलवार शाम एक ही बाइक से निचलौल के लिए निकले थे। उन्हें एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होना था।
बताया गया कि चारों युवक दमकी गांव के सामने गैस गोदाम के पास पहुंचे ही थे कि निचलौल की तरफ से जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क पर तड़पते रहे युवक, नहीं बच सकी जान
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने हादसा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से चारों घायलों को निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।
बर्थडे पार्टी से पहले घरों में छा गया मातम
चार युवकों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही पचमा गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। जिन घरों में कुछ देर पहले तक बेटे के दोस्त की बर्थडे पार्टी में जाने की खुशी थी, वहां अचानक मातम पसर गया। सीएचसी पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में एक साथ चार युवाओं की मौत से हर कोई स्तब्ध है।
डंपर कब्जे में, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
पुलिस ने चारों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल डंपर को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। निचलौल थाने के एसओ योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है।
और पढ़ें: दिल्ली जल बोर्ड घोटाला: AAP नेता सत्येंद्र जैन समेत छह गिरफ्तार, टेंडर में गड़बड़ी और रिश्वत के आरोप
Written by Shailesh Yadav