Iran attack UAE: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने दावा किया है कि ईरान की ओर से उसके क्षेत्र की तरफ दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। हालांकि, दोनों मिसाइलों के जल क्षेत्र में गिरने की वजह से अब तक किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है। इस घटना के बाद UAE ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने की तैयारी तेज कर दी है।

UAE ने दो मिसाइलों का पता लगाने का किया दावा
UAE के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, देश के एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान से दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों का पता लगाया। मंत्रालय ने बताया कि इनमें से एक मिसाइल UAE की क्षेत्रीय जल सीमा के बाहर, जबकि दूसरी क्षेत्रीय जल सीमा के भीतर गिरी। हालांकि, इस कथित मिसाइल हमले को लेकर अभी तक ईरान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

दुबई में लोगों को मिला मिसाइल अलर्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार को दुबई समेत UAE के कई इलाकों में लोगों के मोबाइल फोन पर मिसाइल अलर्ट भी भेजे गए। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और संभावित खतरे पर नजर रखी जा रही है। UAE के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वह हाई अलर्ट पर है और देश की संप्रभुता, सुरक्षा और स्थिरता को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी खतरे से सख्ती से निपटने के लिए तैयार है।

ईरान के साथ कारोबार पर UAE ने लगाई रोक
मिसाइल घटना के बीच UAE ने ईरान के साथ अपने कारोबारी और वित्तीय संबंधों को भी झटका दिया है। UAE के विदेश मंत्रालय ने ईरान के साथ सभी ट्रेड, कमर्शियल ट्रांजैक्शन और फाइनेंशियल लेन-देन को अगले आदेश तक निलंबित करने की घोषणा की है। विदेश मंत्रालय की कम्युनिकेशन डायरेक्टर अफरा अल हामेली ने कहा कि UAE क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए बातचीत और सहयोग में विश्वास रखता है।

पहले भी हो चुका है टकराव
मध्य पूर्व में 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद UAE को ईरान की ओर से कई हमलों का सामना करना पड़ा था। उस दौरान बड़ी संख्या में मिसाइल और ड्रोन दागे जाने की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, जून में समझौते के बाद UAE पर इस तरह के हमलों की खबरों में कमी आई थी। अब एक बार फिर मिसाइल हमले के दावे और ईरान के साथ व्यापारिक संबंधों पर रोक ने दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने के संकेत दिए हैं। 

और पढ़ें: ट्रंप ने होर्मुज को बताया अमेरिकी क्षेत्र, ईरान हुआ आगबबूला! 

Written by Shailesh Yadav