उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले की कप्तानगंज विधानसभा सीट (308) पर 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है और सियासी घमासान हलचल भी तेज हो चुकी है। इस क्षेत्र के विकास, किसानों, युवाओं और स्थानीय जनता के मुद्दों पर काफी चर्चा चल रही है। चुनावी तैयारियों के बीच बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। बीजेपी का आरोप है कि मौजूदा विधायक के कार्यकाल में क्षेत्र में विकास कार्य उम्मीद के मुताबिक नहीं हुए और यह सपा की नाकामी को दर्शाता है।

कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र कई रंगों वाली नजर आई तस्वीरें

वहीं, समाजवादी पार्टी इन आरोपों को खारिज करते हुए अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का हवाला दे रही है। सपा का दावा है कि उसके कार्यकाल में क्षेत्र में कई विकास परियोजनाएं पूरी हुईं, जिनका असर जमीन पर दिखाई देता है। पार्टी को भरोसा है कि कामकाज के आधार पर उसे जनता का समर्थन मिलेगा। लेकिन नेताओं के दावों से अलग, जब हमने कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में लोगों के बीच जाकर उनकी राय जानने की कोशिश की, तो तस्वीर कई रंगों वाली नजर आई।

क्या है जनता की प्रतिक्रिया:

कुछ लोगों ने सरकार के कामकाज की सराहना की और महिला सुरक्षा, राशन व्यवस्था, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं में सुधार को गिनाया। वहीं, कई लोगों ने पेपर लीक, खराब सड़कों, रोजगार की कमी और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बताया। यानी एक तरफ नेताओं के विकास के दावे हैं, तो दूसरी तरफ लोगों की अपनी समस्याएं और उम्मीदें। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि 2027 के चुनाव में कप्तानगंज का सियासी मिजाज क्या कहता है? क्षेत्र के मतदाताओं के लिए सबसे बड़े मुद्दे क्या हैं? विकास को लेकर उनकी प्राथमिकताएं क्या हैं? और चुनावी मैदान में उतरने वाले नेताओं से उनकी उम्मीदें कितनी अलग हैं? आइए जानते इस बारे में।

कप्तानगंज सीट का राजनीतिक इतिहास क्या बताता है?

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले की कप्तानगंज विधानसभा सीट (क्रमांक 308) एक सामान्य (अना आरक्षित) श्रेणी का निर्वाचन क्षेत्र है। जिसमें भारत के उत्तर प्रदेश राज्य के बस्ती जिले में स्थित कप्तानगंज शहर शामिल है। कप्तानगंज बस्ती लोकसभा क्षेत्र के पांच विधानसभा क्षेत्रों में से एक है । 2008 से, यह विधानसभा क्षेत्र 403 निर्वाचन क्षेत्रों में से 308वें नंबर पर है। इस सीट पर अलग-अलग चुनावों में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और भाजपा के उम्मीदवार जीत चुके हैं। 2017 में भाजपा और 2022 में सपा ने सीट जीती थी।

मुख्य जानकारी:

  • निर्वाचन क्षेत्र संख्या: 308
  • जिला: बस्ती (बस्ती संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है)
  • मौजूदा विधायक: कविंद्र चौधरी (अतुल चौधरी)
  • पार्टी: समाजवादी पार्टी (सपा) 

2022 के चुनाव नतीजे:

  • विजेता: कविंद्र चौधरी समाजवादी पार्टी (SP) - उन्हें 94,273 वोट मिले थे।
  • उपविजेता: चंद्र प्रकाश शुक्ला भारतीय जनता पार्टी (BJP) - उन्हें 70,094 वोट मिले थे।
  • जीत का अंतर: 24,179 वोटों का था।
  • जहीर अहमद: बहुजन समाज पार्टी (BSP) 40,381 वोट मिले थे

कप्तानगंज में कौन-से मुद्दे अहम हैं?

  • किसानों की समस्याएं और सिंचाई
  • युवाओं के लिए रोजगार
  • सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाएं
  • शिक्षा और छात्राओं की सुरक्षा

2027 के लिए किन मुद्दों पर जनता की राय बदल सकती है?

  • प्रमुख मुद्दा मतदाताओं के लिए अहम सवाल
  • सड़कें गांवों की सड़कें और कॉलेज जाने वाले रास्ते कितने सुधरे?
  • रोजगार स्थानीय युवाओं को काम के अवसर मिल रहे हैं या नहीं?
  • खेती खाद, बीज, सिंचाई और फसल के उचित दाम की स्थिति क्या है?
  • कानून-व्यवस्था महिलाओं, व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा कैसी है?
  • विधायक का काम क्षेत्र में कौन-से विकास कार्य हुए और कौन-से अधूरे हैं?
  • शिक्षा व स्वास्थ्य स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों की सुविधाओं में कितना सुधार हुआ?

कप्तानगंज विधानसभा चुनाव 2027: जनता का मूड क्या है?

बस्ती जिले की कप्तानगंज विधानसभा सीट (308) पर 2027 के चुनाव को लेकर स्थानीय मुद्दों और मतदाताओं की राय पर चर्चा शुरू हो गई है। TNP NEWS की टीम कप्तानगंज पहुंचकर किसानों, युवाओं और स्थानीय निवासियों से विकास तथा आगामी चुनाव के मुद्दों पर बातचीत की। जनता से मिली जानकारी के आधार पर यह दावा नहीं किया जा सकता कि कप्तानगंज की जनता किसी एक पार्टी के साथ पूरी तरह खड़ी है।

2027 में क्या होगा?

दरअसल, कप्तानगंज में सरकार की सुरक्षा व्यवस्था और कुछ योजनाओं को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं भी दर्ज हैं, जबकि खराब सड़कों और विधायक के विकास कार्यों को लेकर शिकायतें भी सामने आई हैं। इसलिए अभी यह निश्चित नहीं कहा जा सकता कि कप्तानगंज सीट पर कौन जीतेगा। चुनाव से पहले उम्मीदवारों की घोषणा, स्थानीय मुद्दे और मतदाताओं की राय महत्वपूर्ण होंगे।