लंदन: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन के कंट्री हाउस 'एनमर हॉल' में कथित तौर पर सेंधमारी और अनधिकृत प्रवेश का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर चोरी और बिना अनुमति संपत्ति में घुसने का संदेह है। फिलहाल दोनों पुलिस हिरासत में हैं।

'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सोमवार रात नॉरफॉक के सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित एनमर हॉल में हुई। घटना के समय प्रिंस विलियम, केट मिडलटन और उनका परिवार वहां मौजूद नहीं था। पूरा परिवार विंडसर स्थित अपने मुख्य आवास 'फॉरेस्ट लॉज' में ठहरा हुआ था।

पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

नॉरफॉक पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6 बजे से पहले संपत्ति के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।

पुलिस ने तलाशी के लिए डॉग स्क्वॉड, ड्रोन और नेशनल पुलिस एयर सर्विस के हेलीकॉप्टर समेत विशेष संसाधनों की मदद ली। पुलिस के बयान के अनुसार, सैंड्रिंघम एस्टेट में दो लोगों को चोरी और अनधिकृत प्रवेश के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। दोनों अभी पुलिस हिरासत में हैं।

पुलिस ने पुष्टि की है कि ये गिरफ्तारियां सैंड्रिंघम एस्टेट की एक संपत्ति में कथित घुसपैठ की जांच के बाद की गई हैं।

क्या है एनमर हॉल?

एनमर हॉल ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय के स्वामित्व वाले सैंड्रिंघम एस्टेट में स्थित है। इस ऐतिहासिक संपत्ति में करीब 10 बेडरूम हैं। इसे महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने प्रिंस विलियम और केट मिडलटन को उनकी शादी के तोहफे के रूप में दिया था।

इस संपत्ति का निर्माण 1802 में हुआ था और 1896 में भविष्य के किंग एडवर्ड सप्तम ने इसे खरीदा था। ब्रिटिश कला इतिहासकार रॉय स्ट्रॉन्ग ने इसे एक खूबसूरत लेकिन छोटा जॉर्जियाई मैनर हाउस बताया था। इस आवास में स्विमिंग पूल और टेनिस कोर्ट भी होने की जानकारी है।

प्रिंस विलियम की पीएम से मुलाकात के दिन सामने आई घटना

यह घटना ऐसे दिन सामने आई, जब प्रिंस विलियम ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम से मुलाकात के लिए 10 डाउनिंग स्ट्रीट का दौरा किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, किसी वरिष्ठ ब्रिटिश शाही सदस्य का 2012 के बाद प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर यह पहला दौरा था। इससे पहले महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने 2012 में यहां दौरा किया था।

एनमर हॉल में कथित घुसपैठ की घटना के बाद ब्रिटिश शाही परिवार के आवासों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

यह भी पढ़ें : दलाई लामा को दिल्ली में सरकारी बंगला आवंटित, तिब्बती संसद ने भारत सरकार का जताया आभार