Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शहरी विकास का दायरा बढ़ने जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का पूरे जिले तक विस्तार करने और पड़ोसी जिले बाराबंकी में नया विकास प्राधिकरण गठित करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में दोनों प्रस्तावों को तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरणों की सीमाओं का भी जरूरत के मुताबिक विस्तार किया जाएगा।

सरकार का मानना है कि लखनऊ में तेजी से बढ़ती आबादी और शहर के बाहरी इलाकों में हो रहे अनियंत्रित निर्माण को देखते हुए विकास की मौजूदा व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। एलडीए का दायरा बढ़ने से राजधानी के बाहरी क्षेत्रों में आवासीय, व्यावसायिक और सामुदायिक विकास को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा।

1051 वर्ग किलोमीटर में फैला है LDA का मौजूदा क्षेत्र

एलडीए के प्रस्तावित सीमा विस्तार पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य राजधानी क्षेत्र में लखनऊ की आबादी सबसे तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में बढ़ती जनसंख्या की जरूरतों को पूरा करने के साथ अवैध और अनियंत्रित निर्माण पर रोक लगाना भी जरूरी है।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ विकास प्राधिकरण की स्थापना वर्ष 1974 में हुई थी। इसके बाद 1999, 2009 और 2014 में इसके क्षेत्र का विस्तार किया गया। वर्तमान में एलडीए के अधिकार क्षेत्र में नगर महापालिका क्षेत्र और 306 राजस्व ग्राम शामिल हैं। इसका कुल क्षेत्रफल करीब 1,051 वर्ग किलोमीटर है।

बाराबंकी में भी बनेगा नया विकास प्राधिकरण

लखनऊ से सटे बाराबंकी में तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार और औद्योगिक गतिविधियों को देखते हुए नया विकास प्राधिकरण बनाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी के नजदीक होने के कारण बाराबंकी में आवासीय जरूरतों और निर्माण गतिविधियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

ऐसे में शुरुआत से ही विकास को व्यवस्थित दिशा देना जरूरी है, ताकि भविष्य में बुनियादी ढांचे, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं न बढ़ें। मुख्यमंत्री ने बाराबंकी विकास प्राधिकरण के गठन का विस्तृत प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर पर भी सरकार का फोकस

बैठक में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के विकास की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कॉरिडोर आधारित विकास की योजना को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल करते हुए तेजी से आगे बढ़ाया जाए।

अधिकारियों के मुताबिक, यूपीसीडा की सीमा और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के तीन किलोमीटर दक्षिण के बीच करीब 470 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्र आता है। इसमें 171 गांव और अचलगंज नगर पंचायत शामिल हैं।

10 साल में दोगुने से ज्यादा बढ़ा निर्माण क्षेत्र

अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक दशक में इस कॉरिडोर के आसपास निर्माण क्षेत्र में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2015 में यहां निर्मित क्षेत्र 1,962 हेक्टेयर यानी 4.19 प्रतिशत था। वर्ष 2020 में यह बढ़कर 2,656 हेक्टेयर यानी 5.67 प्रतिशत हो गया। वहीं, वर्ष 2025 में यह बढ़कर 3,902 हेक्टेयर यानी 8.33 प्रतिशत पहुंच गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कॉरिडोर रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए इसका एकीकृत नियोजन किया जाए और यहां मौजूद औद्योगिक एवं आर्थिक विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जाए।

सरकार की इस पहल से लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में शहरी विकास को व्यवस्थित करने, अनियंत्रित निर्माण पर नियंत्रण रखने और भविष्य की आबादी के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं तैयार करने का रास्ता खुल सकता है।  

और पढ़ें: यूपी में नहीं टूटेगा सपा-कांग्रेस गठबंधन, कांग्रेस को इतनी सीटें देने का प्रस्ताव, अखिलेश बोले- जीतने वाली सीटों से हुई शुरुआत