Mumbai Team Beat Odisha: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में मुंबई का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। टीम ने ओडिशा के खिलाफ 22 रन की शानदार जीत दर्ज कर, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में लगातार पांचवीं जीत हासिल कर ली है।
मैच में ओडिशा ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बैटिंग का आमंत्रण दिया, और 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 181 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए।
मुंबई की ओर से कप्तान सूर्या ने सर्वाधिक 46 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि साईराज पाटिल ने 200 के स्ट्राइक रेट से 26 रन ठोक अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
मुंबई ने बनाए 181 रन
कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में मुंबई और ओडिशा के बीच खेले गए सुपरहिट मुकाबले में ओडिशा ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी। अंगकृष रंघुवंशी और हार्दिक तमोरे पारी की शुरुआत करने आए, लेकिन पहले रंघुवंशी (17) आउट हुए और फिर तमोरे (32) भी पवेलियन लौट गए।
इसके बाद मुंबई ने लगातार अपने विकेट गंवाए और अंत में वह 20 ओवर में 181 रन तक पहुंच सके। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों पर सर्वाधिक 46 रन बनाए तो मुशीर खान ने 18 बॉल में 22 रन जड़े। वहीं, सरफराज खान सिर्फ 10 रन बनाकर ड्रेसिंग रूम लौट गए।
159 पर थमी ओडिशा की पारी
20 ओवर में 182 रन का पीछा करने आई ओडिशा की ओपनिंग जोड़ी कप्तान स्वास्तिक समाल और गौरव चौधरी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 4.3 ओवर में 45 रन जोड़े।
हालांकि, कप्तान समाल 38 रन बनाकर दुबे की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद गौरव चौधरी भी 16 पर 24 रन बनाकर अंकोलेकर का शिकार बने तो सुभ्रांशु सेनापति ने 26 गेंदों पर 31 रन बनाए।
ओडिशा के निचले क्रम के बैटर ललित यादव ने 15 गेंदों पर 28 रन की तूफानी पारी जरूर खेली, लेकिन 20 ओवर में ओडिशा की टीम 159/9 रन ही बना सकी और 22 रन से मुकाबला गंवा बैठी।