Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दल अपनी चुनावी तैयारियों में जुटे हैं, लेकिन इस बार जनता के मन में क्या है? क्या लोग मौजूदा विधायक के कामकाज से संतुष्ट हैं या बदलाव चाहते हैं? इन सवालों का जवाब जानने के लिए TNP News की टीम पहुंची गाजियाबाद की साहिबाबाद विधानसभा सीट पर। यहां जनता से विकास कार्यों, स्थानीय समस्याओं, रोजगार, कानून व्यवस्था और मौजूदा जनप्रतिनिधि के कामकाज को लेकर बातचीत की गई।

साहिबाबाद में इस बार भी बीजेपी अपनी जीत दोहराने में कामयाब होगी या विपक्ष जनता के बीच अपनी जगह बनाने में सफल रहेगा? इसका फैसला तो 2027 में होगा, लेकिन चुनाव से पहले जनता की राय ने सियासी चर्चा को दिलचस्प बना दिया है।

साहिबाबाद विधानसभा सीट का चुनावी इतिहास
साहिबाबाद उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से एक है। गाजियाबाद जिले की इस विधानसभा का सीट नंबर 55 है। पिछले तीन विधानसभा चुनावों के नतीजों पर नजर डालें तो यहां बीजेपी ने अपनी मजबूत पकड़ बनाई है।
2012: अमरपाल शर्मा (बहुजन समाज पार्टी)
2017: सुनील कुमार शर्मा (भारतीय जनता पार्टी)
2022: सुनील कुमार शर्मा (भारतीय जनता पार्टी)

2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सुनील कुमार शर्मा ने शानदार जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 3,22,882 वोट मिले थे, जबकि समाजवादी पार्टी के अमरपाल शर्मा को 1,08,047 वोट हासिल हुए थे। दोनों उम्मीदवारों के बीच जीत का अंतर 2,14,835 वोट का रहा था।

वहीं बहुजन समाज पार्टी के अजीत कुमार पाल 24,136 वोटों के साथ तीसरे और कांग्रेस की संगीता त्यागी 10,273 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रही थीं।

शहरी सोसाइटियों से घनी बस्तियों तक फैला है साहिबाबाद
साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र की खासियत इसकी विविध भौगोलिक और सामाजिक बनावट है। यहां वैशाली, कौशांबी, वसुंधरा और इंदिरापुरम जैसी हाईराइज सोसाइटियां हैं, तो दूसरी तरफ खोड़ा कॉलोनी, पसौंडा और साहिबाबाद गांव जैसे घनी आबादी वाले इलाके भी हैं।

इस वजह से यहां के मतदाताओं की प्राथमिकताएं भी अलग-अलग हैं। कहीं सड़क, सीवर, पार्किंग और ट्रैफिक जाम जैसे मुद्दे अहम हैं, तो कहीं पेयजल, सफाई, जलभराव और बुनियादी सुविधाओं की मांग प्रमुख है। रोजगार, कानून व्यवस्था और महंगाई भी चुनावी चर्चा का हिस्सा बन सकते हैं।

2027 में बीजेपी के सामने क्या होगी चुनौती?
साहिबाबाद में पिछले दो विधानसभा चुनावों से बीजेपी के सुनील कुमार शर्मा विधायक हैं। ऐसे में 2027 के चुनाव में पार्टी के सामने अपनी जीत का सिलसिला कायम रखने की चुनौती होगी। वहीं समाजवादी पार्टी और दूसरे विपक्षी दल स्थानीय मुद्दों के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश करेंगे।

साहिबाबाद में अलग-अलग सामाजिक और क्षेत्रीय पृष्ठभूमि के मतदाता रहते हैं। शहरी मतदाताओं की बड़ी मौजूदगी और क्षेत्र की विविध आबादी के कारण यहां चुनावी समीकरण केवल एक मुद्दे या एक वर्ग तक सीमित नहीं रहते।

जनता के मूड से तय होगी 2027 की सियासी तस्वीर
साहिबाबाद विधानसभा में चुनावी मुकाबला किस दिशा में जाएगा, यह काफी हद तक स्थानीय मुद्दों और जनता के अनुभवों पर निर्भर करेगा। विधायक के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड, विकास योजनाओं का जमीन पर असर, बुनियादी सुविधाएं और लोगों की अपेक्षाएं इस चुनाव में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या साहिबाबाद की जनता एक बार फिर बीजेपी पर भरोसा जताएगी या 2027 में बदलाव का फैसला करेगी? जनता की राय और जमीनी मुद्दों को समझने के लिए देखिए TNP News की खास ग्राउंड रिपोर्ट '27 की सत्ता'। 

और पढ़ें: मछलीशहर विधानसभा चुनाव 2027: रागिनी सोनकर के कामकाज पर जनता ने क्या कहा, जानिए TNP News की ग्राउंड रिपोर्ट