उत्तर प्रदेश: कुशीनगर में कार और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद इलाके में मचा कोहराम मच गया स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानिए पूरा मामला
मामला थारुआ डीह इलाके के पास का है, जहां एक तेज रफ्तार ओमनी वैन और ट्रेलर ट्रक में भयानक तरीके से टक्कर हो गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से 6 मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में घायल लोगों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। इस पूरे मामले में पुलिस जांच कर मृतकों के परिजनों की जानकारी जुटाने में लगी है।
#WATCH कुशीनगर, उत्तर प्रदेश: कल देर रात थारुआ डीह इलाके के पास एक ओमनी वैन और एक ट्रेलर ट्रक की टक्कर हो गई, जिसमें कथित तौर पर 6 लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। https://t.co/aTHkw49ji4
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 2, 2026
एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद अपने परिवार और परिचितों के साथ देवराज पिपरा में एक रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। देर रात वापस लौटते समय हाटा कोतवाली क्षेत्र में उनकी वैन हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन बुरी तरह चूर-चूर हो गई। हादसे में कन्हैया प्रसाद, उनके पिता रामबेलास, राम मिलन, आयुष समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के 5 लोग शामिल हैं।
सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुख
कुशीनगर सड़क हादसे का सीएम योगी ने संज्ञान लिया है। सीएम ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने हेतु निर्देश दिए हैं. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में आज से शुरू होगा भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट 2026, पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ