उत्तर प्रदेश: हापुड़ में दिल्ली रोड पर स्थित एक सीएनजी (CNG) स्टेशन के पास फर्नीचर की दुकानों और गोदाम में भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हादसा एक दुकान में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 3 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
घटना में कोई हताहत नहीं
फायर सेफ्टी ऑफिसर (FSO) अशरद खान के नेतृत्व में फायर फाइटर्स ने दुकानों के शेड काटकर अंदर प्रवेश किया और मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है और अब केवल धुआं उठ रहा है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है और किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, फर्नीचर और लकड़ी का सामान होने के कारण दुकानों को काफी नुकसान पहुंचा है।
आग बुझाने का काम लगातार जारी
फायर सेफ्टी ऑफिसर (FSO) अरशद खान ने कहा, आग की सूचना मिलते ही दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंची। मौके पर देखा गया कि दिल्ली रोड पर 2 दुकानों में आग लगी थी और दुकानों में फर्नीचर का सामान था। हमने दुकानों के शटर को काटकर आग बुझाना शुरु किया, आग को लगभग बुझा दिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। दमकल विभाग के मुताबिक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है।
यह भी पढ़ें: सोना-चांदी में आज बड़ी गिरावट! त्योहार से पहले खरीदारों के लिए सुनहरा मौका