बिहार में बाढ़ की बिगड़ती स्थिति के बीच नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार के साथ-साथ बिहार से जुड़े केंद्रीय मंत्रियों पर भी निशाना साधा है। तेजस्वी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में बड़ी संख्या में लोग बाढ़ की चपेट में हैं, लेकिन केंद्र की ओर से अपेक्षित मदद नहीं मिल रही है।
केंद्रीय मंत्रियों पर साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने केंद्र में बिहार से जुड़े सात केंद्रीय मंत्रियों का जिक्र करते हुए उनकी कार्यशैली पर सवाल खड़े किए, उन्होंने कहा कि इतने मंत्री होने के बावजूद बिहार के लिए केंद्र से पर्याप्त राहत और आर्थिक सहायता नहीं दिलाई जा सकी। अपने पोस्ट में उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों पर तंज कसते हुए कहा कि पहले बिहार के केंद्रीय मंत्रियों का केंद्र में प्रभाव नजर आता था, लेकिन अब उनका कोई खास असर दिखाई नहीं देता।
45 लाख लोगों के प्रभावित होने का दावा
आरजेडी नेता ने बिहार की बाढ़ को लेकर गंभीर स्थिति का दावा किया। उनके अनुसार, बाढ़ के कारण करीब 45 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 50 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने बाढ़ से हजारों करोड़ रुपये के नुकसान का भी दावा किया।
केंद्र में बिहार से 7 बेगैरत मंत्री है लेकिन एक की भी हैसियत नहीं कि बिहार की बाढ़ पर केंद्र सरकार से बिहार की कोई मदद करा सके। बिहार से केंद्र में एक भेड़-बकरी मंत्री है, एक कपड़ा मंत्री है, एक गेंहू-चावल मंत्री है, एक छोटा-मोटा कछु लघु मंत्री है, बाक़ी सब पिछलग्गू मंत्री है।… pic.twitter.com/Z2O6xwERMc
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) September 13, 2026
पीएम और अमित शाह पर भी साधा निशाना
तेजस्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी निशाने पर लेते हुए सवाल किया कि इतनी बड़ी आपदा के बावजूद बिहार के लिए केंद्र की ओर से अब तक पर्याप्त राहत की घोषणा क्यों नहीं की गई।
5 हजार करोड़ रुपये की सहायता की मांग
तेजस्वी यादव पहले भी बाढ़ प्रभावित बिहार के लिए केंद्र से तत्काल आर्थिक सहायता की मांग कर चुके हैं। उन्होंने राज्य को 5 हजार करोड़ रुपये का विशेष राहत पैकेज देने की मांग उठाई थी। साथ ही उन्होंने राहत शिविरों की व्यवस्थाओं को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए।
ये भी पढ़ें- संसद रत्न सम्मान के बाद जगदंबिका पाल का विपक्ष पर हमला, कहा- जनता फिर चुनेगी...
राहत शिविरों का दौरा कर सरकार पर आरोप
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर तेजस्वी यादव ने कुछ राहत शिविरों का जायजा भी लिया। उन्होंने दावा किया कि शिविरों में रह रहे लोगों को भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और दूसरी बुनियादी जरूरतों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने सरकार से तत्काल सुधार की मांग की।