सूरत: गुजरात के सूरत में महात्मा गांधी से जुड़ी आपत्तिजनक Reel पोस्ट करना एक महिला को भारी पड़ गया। सूरत साइबर क्राइम ब्रांच ने 47 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर सिमरन पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने 1 अक्टूबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक ऐसी Reel पोस्ट की थी, जिसमें 500 रुपये के नोट पर छपी महात्मा गांधी की तस्वीर को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया था। यह Reel गांधी जयंती से एक दिन पहले पोस्ट की गई थी।
Reel में क्या था?
पुलिस के अनुसार, सिमरन पटेल ने 1 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे से शाम 6 बजे के बीच यह वीडियो पोस्ट किया था। Reel में 500 रुपये के नोट पर मौजूद महात्मा गांधी की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक दृश्य और इशारे किए गए थे। पुलिस ने इसे अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री माना। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। बाद में Reel को डिलीट कर दिया गया।
10 लाख से ज्यादा हैं Instagram Followers
सिमरन पटेल सूरत के अडाजन इलाके की रहने वाली हैं। पुलिस के मुताबिक, उनके Instagram पर करीब 10 लाख फॉलोअर्स हैं। वह पिछले कुछ वर्षों से सोशल मीडिया पर शॉर्ट वीडियो और Reel बनाकर पोस्ट करती रही हैं। पुलिस के अनुसार, सिमरन की पढ़ाई 12वीं तक हुई है और वह शादी के बाद करीब 17 साल पहले सूरत में आकर रहने लगी थीं।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
इस Reel को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेश गामी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद सूरत साइबर क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने Instagram अकाउंट और वीडियो से जुड़े डिजिटल व तकनीकी सबूतों की जांच की, जिसके बाद महिला की पहचान सिमरन पटेल के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
IT Act की धारा 67 के तहत केस
पुलिस ने सिमरन पटेल के खिलाफ Information Technology Act की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है। यह धारा इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अश्लील सामग्री प्रकाशित या प्रसारित करने से संबंधित है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने जारी किया गिरफ्तारी का वीडियो
सूरत पुलिस ने गिरफ्तारी की जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए भी साझा की। पुलिस की ओर से जारी वीडियो में पहले Reel का हिस्सा और उसके बाद महिला को पुलिस हिरासत में दिखाया गया है। वीडियो में सिमरन पटेल माफी मांगती हुई भी नजर आ रही हैं।
पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि ज्यादा Likes और Followers हासिल करने के लिए ऐसा कंटेंट पोस्ट न करें, जिससे किसी की भावनाएं आहत हों या समाज में तनाव पैदा हो। पुलिस ने लोगों से आपत्तिजनक सामग्री को आगे शेयर करने से भी बचने की अपील की है।