जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हालिया ‘क्राइम और अपराध’ वाले बयान को लेकर उन पर कटाक्ष किया है। बीते दिन यानी बुधवार को बेगूसराय में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने बयानों के कारण हर पांच से दस दिन में लोगों को हंसने का मौका दे देते हैं। किशोर ने तंज कसते हुए कहा कि जब सातवीं कक्षा में फेल व्यक्ति को नेता बनाया जाता है, तो इस तरह की टिप्पणियां सुनने को मिलना कोई हैरानी की बात नहीं है।
दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि बिहार में ‘क्राइम’ हो सकता है, लेकिन ‘अपराध’ नहीं है। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में बहस छिड़ गई थी और मामला राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया था।
दो निर्दलीय एमएलसी की सदस्यता पर भी उठाए सवाल
भाजपा में शामिल हुए दो निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों के मामले पर भी प्रशांत किशोर ने अपनी प्रतिक्रिया दी, उन्होंने दावा किया कि असंवैधानिक गतिविधियों में संलिप्तता के चलते दोनों एमएलसी की सदस्यता समाप्त हो सकती है। किशोर के मुताबिक, इस मामले में भाजपा की सरकार भी उन्हें सदस्यता रद्द होने से नहीं बचा पाएगी।
मधुबनी गोलीकांड के पीड़ित परिवार के साथ खड़ी जन सुराज
मधुबनी में हुई गोलीबारी की घटना पर दुख जताते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए उनके साथ खड़ी है। उल्लेखनीय है कि इस घटना में बिहार पुलिस के एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली चला दी थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे।
किशोर ने बताया कि जन सुराज की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की, उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल से मिली जानकारी और घटना से जुड़े तथ्यों की समीक्षा करने के बाद पार्टी आगे की कार्रवाई तय करेगी।