नई दिल्ली: भारत और नेपाल के बीच शिक्षा, तकनीक और विकास के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देने की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ऐलान किया कि नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का ऑफशोर कैंपस स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही नेपाल में स्टार्टअप इनक्यूबेटर और इनोवेशन हब भी बनाया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत नेपाल के युवाओं के सपनों को साकार करने और उन्हें नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हैदराबाद हाउस में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद संयुक्त प्रेस बयान में पीएम मोदी ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि नेपाल के युवाओं में प्रतिभा, ऊर्जा और बड़े सपने हैं। भारत उनकी क्षमता को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा, कौशल विकास और तकनीकी सहयोग के जरिए साझेदारी करेगा।

नेपाली छात्रों को भारत में मिलेंगी ज्यादा स्कॉलरशिप
पीएम मोदी ने नेपाल के छात्रों के लिए भारत में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि कानून और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नेपाली विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप की संख्या और अवसरों का विस्तार किया जाएगा।

भारत और नेपाल की ओर से जारी संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट में इन पहलों को विशेष महत्व दिया गया है। पीएम मोदी ने इसे 'विकसित भारत' और 'समुन्नत नेपाल' के साझा लक्ष्यों को हासिल करने का रोडमैप बताया।

नेपाल में बनेगा एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क
शिक्षा और तकनीक के अलावा दोनों देशों के बीच कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि नेपाल में खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन करने के लिए एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भारत सहयोग करेगा।

इसके अलावा फिल्म, आधुनिक तकनीक और नए मीडिया के क्षेत्र में दोनों देशों के युवा क्रिएटर्स को साथ काम करने का अवसर दिया जाएगा। भारत आगामी WAVES समिट में नेपाल के बड़े प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी करेगा।

खेल के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया है। पीएम मोदी ने विशेष रूप से क्रिकेट का जिक्र करते हुए कहा कि भारत नेपाल में खेल संबंधी बुनियादी ढांचे के विकास और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में सहयोग करेगा।

बाढ़ प्रभावित नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये की मदद
इस मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट कोऑपरेशन पैकेज की भी घोषणा की। यह सहायता अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों और क्षेत्रों के पुनर्वास में मदद करेगी।

पीएम मोदी ने बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारत मुश्किल समय में नेपाल के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि इस सहायता का उद्देश्य प्रभावित परिवारों का जीवन दोबारा पटरी पर लाना, नए अवसर पैदा करना और नेपाल की भविष्य में आपदाओं से निपटने की क्षमता को मजबूत करना है।

बालेंद्र शाह की पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह पदभार संभालने के बाद अपनी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा पर सोमवार को नई दिल्ली पहुंचे। पीएम मोदी ने उनका स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व और नेपाल की जनता से मिले जनादेश की सराहना की।

उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले संयुक्त राष्ट्र में दुनिया के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में बालेंद्र शाह का संबोधन उनके विजन को दर्शाता था। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत में भी उन्हें नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर उनका स्पष्ट दृष्टिकोण देखने को मिला।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये गहरे पारिवारिक संबंधों और अटूट विश्वास पर आधारित हैं। दोनों देश मिलकर शिक्षा, तकनीक, व्यापार और विकास के क्षेत्र में नई संभावनाओं को आगे बढ़ाएंगे।

और पढ़ें: तमिलनाडु में दिल दहला देने वाला हादसा, पेड़ से टकराई कार; 8 लोगों की मौत, सीएम विजय ने जताया दुख