Tiruchirappalli car accident: तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने आठ लोगों की जिंदगी छीन ली। थुरैयूर-मुसिरी हाईवे पर तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अस्पताल में इलाज के दौरान तीन अन्य की भी मौत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पेड़ से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा रविवार शाम को कोथुरपट्टी फोर रोड्स के पास हुआ। कार थुरैयूर-मुसिरी हाईवे से गुजर रही थी, तभी वह सड़क से नीचे उतर गई और किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में जान गंवाने वालों में तंजावुर जिले के तिरुकट्टुपल्ली स्थित महाराजापुरम के 45 वर्षीय ए. शक्तिवेल भी शामिल हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पांच लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत
दुर्घटना में घायल तीन लोगों को मुसिरी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। फिलहाल दो अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री विजय सी. जोसेफ ने जताया दुख
इस दर्दनाक हादसे पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय सी. जोसेफ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में उन्होंने कहा कि दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर उन्हें बेहद दुख और पीड़ा हुई है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में उनकी सहानुभूति शोकाकुल परिजनों के साथ है। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन और अस्पताल अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जाए।
फिलहाल इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
और पढ़ें: 'जब तक असमानता है, तब तक रहेगा आरक्षण...', तुकाराम मुंढे के बेबाक बयान ने छेड़ी नई बहस