इंफाल: मणिपुर में 3 मई 2023 को भड़की हिंसा के बाद से राहत शिविरों में रह रहे हजारों विस्थापित मैतेई लोगों ने रविवार को इंफाल में विशाल रैली निकाली। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपने मूल गांवों में सुरक्षित वापसी और पुनर्वास की मांग उठाई। रैली में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से सवाल किया कि आखिर उन्हें उनके घरों में वापस बसाने में इतनी देरी क्यों हो रही है?
मैतेई IDPs की एपेक्स कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस रैली का नारा था- 'हम अपने घर कब लौटेंगे?' (Eikhoi eyumda keidoungei halhangani)। रैली की शुरुआत केइशमपट जंक्शन से हुई और इसका समापन थांगमीबंद स्थित THAU ग्राउंड पर हुआ। यहां विस्थापित परिवारों की समस्याओं और मांगों को लेकर बैठक भी आयोजित की गई।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने राहत शिविरों में लंबे समय से रह रहे परिवारों की परेशानियों को सामने रखा। उन्होंने सवाल उठाया कि विस्थापन की स्थिति आखिर कब तक जारी रहेगी और सरकार उनकी घर वापसी के लिए ठोस कदम कब उठाएगी?
चार साल से राहत शिविरों में रहने को मजबूर विस्थापित परिवार
रैली के दौरान बातचीत में एपेक्स कमेटी के सह-संयोजक लॉन्गजाम बसंता ने कहा कि 2023 की हिंसा में उनके घर जला दिए गए थे, जिसके बाद उन्हें अपनी जान बचाकर घर छोड़ना पड़ा। सरकार ने उन्हें राहत शिविरों में जगह दी, लेकिन इतने लंबे समय बाद भी गांवों में वापसी और पुनर्वास को लेकर कोई स्पष्ट योजना सामने नहीं आई है।
बसंता ने कहा कि विस्थापित परिवार लंबे समय से अनिश्चितता में जी रहे हैं। उनके मुताबिक, लोगों को यह तक नहीं पता कि वे कब अपने गांव लौट पाएंगे और वहां दोबारा जिंदगी कैसे शुरू करेंगे। उन्होंने सरकार से पूछा कि आखिर विस्थापित परिवारों को और कितने समय तक इस स्थिति में रहना पड़ेगा।
केंद्र और राज्य सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग
बसंता ने राहत शिविरों में रह रहे लोगों की मानसिक परेशानियों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि लंबे समय से जारी तनाव और अनिश्चितता ने विस्थापित परिवारों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाला है। उन्होंने कहा कि केंद्र और मणिपुर सरकार को मिलकर जल्द से जल्द लोगों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करनी चाहिए।
रैली के बाद एपेक्स कमेटी के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसमें विस्थापित परिवारों की समस्याओं का समाधान करने, सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने और उनके पुनर्वास के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की गई।
सरकार की पुनर्वास नीति पर उठाए सवाल
आयोजक समिति ने आरोप लगाया कि हिंसा के साढ़े तीन साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद केंद्र और राज्य सरकार विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए ठोस कदम उठाने में नाकाम रही हैं। प्रदर्शन के दौरान रैली के रास्ते में पड़ने वाली दुकानें भी बंद रहीं।
गौरतलब है कि एपेक्स कमेटी ऑफ मैतेई IDPs में चुराचांदपुर मैतेई यूनाइटेड कमेटी, मैतेई काउंसिल मोरेह, कमेटी ऑन प्रोटेक्शन ऑफ मैतेई विक्टिम्स मोरेह, मैतेई यूनियन कांगपोकपी जिला सहित कई प्रभावित गांवों के प्रतिनिधि संगठन शामिल हैं।
विस्थापित परिवारों की इस रैली ने मणिपुर में सुरक्षित घर वापसी और पुनर्वास के मुद्दे को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।