नई दिल्ली: दुनिया तेजी से बदल रही है और भविष्य की जंग केवल हथियारों और सैनिकों के दम पर नहीं जीती जाएगी। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग और आधुनिक तकनीक की भूमिका भी निर्णायक होगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि भारत को शक्तिशाली बनाने के लिए सैन्य ताकत और वैज्ञानिक एवं तकनीकी क्षमताओं के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। जो देश उभरती हुई तकनीकों में आगे हैं, वे अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और स्वतंत्रता की रक्षा करने में भी अधिक सक्षम हैं।
रक्षा मंत्री पुणे में डिफेंस इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड टेक्नोलॉजी (DIAT) के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह संस्थान देश की दो महत्वपूर्ण शक्तियों- सैन्य शक्ति और वैज्ञानिक एवं तकनीकी शक्ति के संगम पर स्थित है। इन दोनों के बीच तालमेल ही भारत को मजबूत और आत्मनिर्भर बना सकता है।
सेना और विज्ञान की ताकत मिलकर बनाएंगी शक्तिशाली भारत
राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की पहली शक्ति उसकी सैन्य क्षमता है, जो सीमाओं की रक्षा करती है। थलसेना, वायुसेना और नौसेना देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को सुरक्षित रखती हैं। वहीं दूसरी शक्ति विज्ञान और तकनीक है, जो देश को अंदर से मजबूत बनाती है।
उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक क्षमता आर्थिक विकास, औद्योगिक प्रगति और आत्मनिर्भरता को नई दिशा देती है। जब सैन्य शक्ति और तकनीकी क्षमता एक साथ काम करती हैं, तभी कोई राष्ट्र वास्तविक रूप से शक्तिशाली बनता है।
रक्षा मंत्री ने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा किसी भी देश की पहली जरूरत है। सुरक्षित माहौल के बिना विकास की योजनाओं को सफल बनाना मुश्किल है।
अब सिर्फ हथियार नहीं, उनके पीछे की तकनीक भी अहम
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज किसी देश की रक्षा क्षमता का आकलन केवल सैनिकों की संख्या या हथियारों की ताकत से नहीं किया जा सकता। यह देखना भी जरूरी है कि हथियारों के पीछे कितनी आधुनिक तकनीक इस्तेमाल की गई है और देश का रिसर्च कितना मजबूत है।
उन्होंने कहा कि भविष्य की चुनौतियों के लिए हमारी तैयारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। आधुनिक युद्धक्षेत्र में तकनीकी बढ़त की भूमिका आने वाले समय में और अधिक निर्णायक होगी।
AI, मशीन लर्निंग और क्वांटम कंप्यूटिंग बदलेंगी युद्ध की तस्वीर
राजनाथ सिंह ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, क्वांटम कंप्यूटिंग, ऑटोनॉमस सिस्टम, एडवांस्ड मैटेरियल, साइबर सिक्योरिटी, स्पेस आधारित क्षमताओं और डायरेक्टेड एनर्जी टेक्नोलॉजी को रक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि AI और मशीन लर्निंग ने युद्धक्षेत्र में सूचनाओं के विश्लेषण, निगरानी और फैसले लेने की प्रक्रिया को नया आयाम दिया है। वहीं, ऑटोनॉमस सिस्टम ऐसे काम करने में सक्षम हो रहे हैं, जिनके लिए पहले इंसानों की जरूरत पड़ती थी।
उन्होंने कहा कि नई तकनीकें जहां बड़े अवसर पैदा कर रही हैं, वहीं इनके साथ नई चुनौतियां और जोखिम भी सामने आ रहे हैं। भारत के सामने चुनौती केवल नई तकनीक विकसित करने की नहीं, बल्कि उसे तेजी से अपनाकर देशहित में इस्तेमाल करने की भी है।
किसानों और डॉक्टरों के भी काम आएगी रक्षा तकनीक
रक्षा मंत्री ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में होने वाला शोध केवल सेना तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इससे तैयार होने वाली तकनीक का इस्तेमाल स्वास्थ्य, कृषि, संचार और परिवहन जैसे नागरिक क्षेत्रों में भी किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रयोगशालाओं में होने वाला छोटा सा शोध भविष्य में किसी किसान के काम आ सकता है, डॉक्टर के लिए नई सुविधा बन सकता है और किसी सैनिक की जान बचाने वाली तकनीक साबित हो सकता है।
DIAT को तकनीकी बदलावों में नेतृत्व करने की दी नसीहत
राजनाथ सिंह ने DIAT से अपील की कि वह उभरती तकनीकों में केवल भागीदार बनकर न रहे, बल्कि नेतृत्व करने वाला संस्थान बने। उन्होंने कहा कि संस्थान की पहचान केवल विद्यार्थियों की संख्या, शोध पत्रों या पाठ्यक्रमों से नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने जोर दिया कि DIAT से निकलने वाला शोध देश की किसी बड़ी सुरक्षा चुनौती का समाधान करे और सशस्त्र बलों की महत्वपूर्ण जरूरतों को पूरा करे।
रक्षा मंत्री ने कहा कि किसी शोध संस्थान की वास्तविक सफलता उसके प्रकाशित शोध पत्रों की संख्या से नहीं, बल्कि समाज और देश पर उसके शोध के वास्तविक प्रभाव से तय होती है।