मुंबई: शिवसेना नेता शाइना एनसी ने रविवार को महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर सभी राजनीतिक दलों से समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि जो भी राजनीतिक दल भारत की महिलाओं का सम्मान करता है, उसे नारी शक्ति वंदन अधिनियम और परिसीमन बिल का समर्थन करना चाहिए। शाइना एनसी के मुताबिक, महिला आरक्षण की मांग पिछले 27 वर्षों से लंबित है और अब इसे लागू करने का समय आ गया है।

शाइना एनसी ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्टालिन हों या शरद पवार जैसे वरिष्ठ नेता, सभी जानते हैं कि उनके वोट बैंक का 50 प्रतिशत हिस्सा महिला मतदाताओं का है। ऐसे में महिला आरक्षण का समर्थन सभी दलों को करना चाहिए।

शाइना एनसी ने कहा कि बड़े लोकतंत्र का मतलब हर राज्य को अधिक प्रतिनिधित्व मिलना है। उन्होंने परिसीमन को संवैधानिक प्रावधान बताते हुए कहा कि यह फैसला काफी समय से लंबित है। उनके मुताबिक, राजनीतिक दल अपनी-अपनी दलीलें दे सकते हैं, लेकिन देश का भौगोलिक स्वरूप नहीं बदलने वाला है।

लोकसभा में 850 सीटें करने का प्रस्ताव

केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधायी पैकेज में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में संशोधन शामिल हैं। इन प्रस्तावों के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने की योजना है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं।

प्रस्ताव में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने के साथ राज्य विधानसभाओं की सदस्य संख्या बढ़ाने की बात भी शामिल है। इसका उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है।

परिसीमन पर INDIA गठबंधन और केंद्र के बीच टकराव

परिसीमन के मुद्दे पर विपक्ष और केंद्र सरकार के बीच राजनीतिक खींचतान तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात कर INDIA गठबंधन के साथ मिलकर प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध करने की अपील की है। राहुल गांधी ने कहा कि संविधान और राष्ट्रीय हित की रक्षा के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर इस विधेयक को हराना होगा।

वहीं, डीएमके ने राज्यों में संसदीय सीटों में प्रस्तावित 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का समर्थन किया है, लेकिन तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत संसदीय हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की मांग की है। वाईएसआरसीपी और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने भी संशोधित प्रस्तावों के प्रति समर्थन के संकेत दिए हैं।

दो-तिहाई बहुमत जुटाने की चुनौती

संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए केंद्र सरकार को संसद में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। उपलब्ध अनुमान के मुताबिक, एनडीए के पास लोकसभा में करीब 354 सांसदों का समर्थन हो सकता है, जबकि सभी 540 मौजूदा सदस्यों के मतदान करने की स्थिति में 360 वोटों की आवश्यकता होगी।

विपक्ष महिला आरक्षण के समर्थन में है, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ने पर आपत्ति जता रहा है। विपक्ष की मांग है कि परिसीमन की प्रक्रिया नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर होनी चाहिए।

केंद्र सरकार ने निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण और एससी-एसटी आरक्षित सीटों के निर्धारण के लिए 2011 की जनगणना का इस्तेमाल करने का प्रस्ताव दिया है। वहीं, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के आवंटन के लिए 2051 तक 1971 की जनसंख्या के आधार को बरकरार रखने की बात कही गई है।

यह भी पढ़ें: जिसके पास होगी आधुनिक तकनीक, वही रहेगा सुरक्षित! राजनाथ सिंह ने बताया शक्तिशाली भारत का मंत्र