सहारनपुर: प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर देश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस बिल को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों और अल्पसंख्यकों के हितों की चिंता करने वाला हर व्यक्ति इस बिल का विरोध करेगा।
परिसीमन बिल का समर्थन करना आत्मघाती होगा: इमरान
इस संदर्भ में इमरान मसूद ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार इस परिसीमन के जरिए राजनीतिक प्रतिनिधित्व को कम करना चाहती है। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया सब कुछ अपने नियंत्रण में रखने के उद्देश्य से तैयार की गई है। मसूद ने अपने आरोपों के समर्थन में जम्मू-कश्मीर और असम में हुए परिसीमन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जो लोग इस बिल का समर्थन कर रहे हैं, वे आत्मघाती तरीके से काम कर रहे हैं। इस परिसीमन बिल को लेकर इमरान मसूद ने जोर देते हुए कहा कि इस देश में दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों और अल्पसंख्यकों के लिए जो भी सच में चिंता रखता है, वह इस बिल का विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि इस बिल के ज़रिए BJP डीलिमिटेशन करके रिप्रेजेंटेशन कम करना चाहती है।
I.N.D.I.A गठबंधन के नेताओं को मिलकर करनी चाहिए बातचीत
वहीं, परिसीमन बिल को लेकर संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इस दौरान खरगे DMK के प्रमुख एम.के. स्टालिन और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे।दोनों नेताओं से होने वाले इस प्रस्तावित मुलाकात को लेकर भी इमरान मसूद ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आखिरी समय तक अपनी कोशिशें जारी रखेगी। खरगे को सोनिया गांधी के साथ मिलकर I.N.D.I.A गठबंधन के सभी प्रमुख नेताओं से बातचीत करनी चाहिए, ताकि परिसीमन बिल को लेकर विपक्ष की साझा रणनीति तैयार की जा सके।