दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में आग लगने की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक घर में लगी आग की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।

गली नंबर 11 में हुआ हादसा

यह घटना विश्वास नगर की गली नंबर 11 में हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थिति को संभालने के लिए एक पानी का टैंकर, वाटर बैरल और क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल भेजा गया।

ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान आग लगने का शक

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर में ई-रिक्शा चार्ज करने वाली जगह से आग शुरू होने की आशंका है। हालांकि, आग लगने की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- आज ग्रहों की चाल बदलेगी इन राशियों का दिन, जानिए सभी राशियों का राशिफल

डीसीपी ने की चार लोगों की मौत की पुष्टि

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को आग लगने की सूचना मिली थी। टीम जब विश्वास नगर की गली नंबर 11 पहुंची तो वहां चार लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं, दो घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।