नई दिल्ली: IIM और देश के अन्य प्रमुख मैनेजमेंट संस्थानों में MBA में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे 2.80 लाख से अधिक उम्मीदवार रविवार को कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT 2026) में शामिल हो सकते हैं। यह परीक्षा देशभर के 170 शहरों में तीन अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। इस साल परीक्षा कराने की जिम्मेदारी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) इंदौर को सौंपी गई है।
परीक्षा में फेस मैचिंग और मोबाइल जैमर की व्यवस्था
CAT 2026 की 120 मिनट की परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए IIM ने कई अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। इनमें उम्मीदवारों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए फेस मैचिंग और कुछ परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल जैमर लगाने की व्यवस्था भी शामिल है।
उम्मीदवारों को परीक्षा के पैटर्न और ऑनलाइन इंटरफेस से परिचित कराने के लिए 6 नवंबर से CAT की आधिकारिक वेबसाइट पर मॉक टेस्ट भी उपलब्ध कराया गया था। इसमें सैंपल सवाल शामिल किए गए हैं, ताकि अभ्यर्थी परीक्षा से पहले अभ्यास कर सकें।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए जारी हुआ था सर्कुलर
CAT की ओर से 4 नवंबर को जारी सर्कुलर में बताया गया था कि सभी पात्र उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड तैयार हो चुके हैं। अभ्यर्थी इन्हें 6 नवंबर से 29 नवंबर के बीच आधिकारिक वेबसाइट "iimcat.ac.in" (https://iimcat.ac.in) से डाउनलोड कर सकते हैं।
इसके लिए उम्मीदवारों को अपनी CAT एप्लीकेशन लॉगिन आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल करना होगा।
ये भी पढ़ें: NEET-UG 2026: छात्रों की आत्महत्या के मामलों में मुआवजे को लेकर केंद्र को नोटिस, 30 नवंबर तक नीति घोषित करने की मांग
CAT 2026 में होंगे तीन सेक्शन
CAT 2026 की परीक्षा में कुल तीन सेक्शन रखे गए हैं। उम्मीदवारों को हर सेक्शन के लिए 40 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा के दौरान एक सेक्शन से दूसरे सेक्शन में जाने की अनुमति नहीं होगी।
तीनों सेक्शन इस प्रकार हैं:
1. वर्बल एबिलिटी और रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन (VARC)
2. डेटा इंटरप्रिटेशन और लॉजिकल रीजनिंग (DILR)
3. क्वांटिटेटिव एबिलिटी (QA)
तीन शिफ्ट में आयोजित होगी CAT परीक्षा
CAT 2026 को रविवार को तीन स्लॉट में आयोजित किया जाएगा। परीक्षा का शेड्यूल इस प्रकार है:
शिफ्ट| परीक्षा का समय| रिपोर्टिंग टाइम
स्लॉट 1 (सुबह)| सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक| सुबह 7 बजे
स्लॉट 2 (दोपहर)| दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक| सुबह 11 बजे
स्लॉट 3 (शाम)| शाम 4:30 से 6:30 बजे तक| दोपहर 3 बजे
IIM इंदौर ने उम्मीदवारों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। संस्थान के मुताबिक, देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा और वे टेस्ट में शामिल नहीं हो सकेंगे।
कैलकुलेटर के इस्तेमाल को लेकर भी जारी हुई गाइडलाइन
परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था ने सामान्य कैलकुलेटर के इस्तेमाल को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत उम्मीदवार प्रतिशत, वर्गमूल (Square Root) और इनवर्स जैसे बुनियादी गणितीय ऑपरेशंस के लिए सामान्य कैलकुलेटर का उपयोग कर सकेंगे।
जनवरी 2027 में आ सकता है CAT 2026 का रिजल्ट
CAT 2026 का परिणाम जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में जारी होने की उम्मीद है। रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।
CAT 2026 का स्कोर और उससे प्राप्त स्केल्ड परसेंटाइल IIM सहित परीक्षा में शामिल अन्य बिजनेस स्कूलों में 2027-29 बैच के MBA और PGDM कोर्स में प्रवेश के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। इसी स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों को दाखिले की अगली प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।