रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार, 29 नवंबर को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नालंदा के एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह हादसा रांची-पटना नेशनल हाईवे (NH-33) पर कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी गांव के पास हुआ। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंघारो गांव के रहने वाले थे।

हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया

दरअसल, पत्नी को सरकारी शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी में पूरे परिवार के सदस्य रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा करने निकला था। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस के मुताबिक, बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव से 14 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी दौरान रविवार रात करीब 2 बजे उनकी गाड़ी पैंकी गांव के पास हाईवे पर आगे चल रहे एक वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 5 पुरुष की मौत

इस संदर्भ में पुलिस का कहना हे कि, हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। वहीं, हादसे में एकमात्र व्यक्ति जो की घायल  है। उसको इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है और उसे ICU में रखा गया है। रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन के मुताबिक, सभी 14 लोगों को अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया।

एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत 

इस हादसे के मृतकों में निजी स्कूल संचालक 40 वर्षीय विवेकानन्द प्रसाद, उनकी पत्नी 38 वर्षीय अमृता देवी, 14 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार, 11 वर्षीय अमन कुमार और 18 वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी शामिल हैं। इसके अलावा विवेकानन्द के चचेरे-ममेरे भाई के 22 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार और सुरेंद्र प्रसाद के पुत्र चंदन कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्यों की भी मौत हो गई।
 

ये भी पढ़ें- परिसीमन बिल पर आज BJP की अहम बैठक, सभी लोकसभा सांसदों को बुलाया