नई दिल्ली: संसद के विशेष सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने परिसीमन बिल को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बीजेपी ने आज रविवार, 29 नवंबर को अपने सभी लोकसभा सांसदों की अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में परिसीमन बिल और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधेयकों पर सांसदों को जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही संसद में पार्टी की रणनीति और मतदान की तैयारियों पर भी चर्चा होगी।

BJP ने लोकसभा सांसदों को बैठक में मौजूद रहने के निर्देश

दरअसल, संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इसी को देखते हुए भाजपा ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को बैठक में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। पार्टी का मुख्य उद्देश्य सोमवार और मंगलवार यानी 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान सभी सांसदों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर है। इस दौरान सांसदों को नए विधेयकों के प्रावधानों और सदन में पार्टी की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 की जाएगी

दरअसल, प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक के तहत लोकसभा में राज्यों की सीटों की संख्या और केंद्र शासित प्रदेशों की सीटों में मौजूदा संख्या के मुकाबले 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके बाद लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 की जाएगी। इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रावधान प्रस्तावित है। जबकि वर्तमान में लोकसभा में 543 निर्वाचित सीटें मौजूद हैं। इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए 2029 के आम चुनावों से पहले एक नया चुनाव क्षेत्र का नक्शा तैयार करना है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण और 2051 तक सीट बंटवारे पर रोक इस महिला आरक्षण और परिसीमन बिल की मुख्य बिंदु हैं।

I.N.D.I.A गठबंधन के कई दलों ने प्रस्तावित विधेयक का किया विरोध

इस संदर्भ में सरकार का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करना है। इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक करने की योजना है। वहीं दूसरी तरफ, परिसीमन बिल को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस समेत I.N.D.I.A गठबंधन के कई दलों ने प्रस्तावित विधेयक का विरोध करने का फैसला किया है। विपक्ष की मांग है कि महिला आरक्षण को मौजूदा लोकसभा सीटों की संख्या के आधार पर लागू किया जाए और राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा अनुपात को बरकरार रखा जाए।

परिसीमन बिल को लेकर BJP की आज अहम बैठक 

ऐसे में बीजेपी की यह बैठक संसद के विशेष सत्र से पहले काफी अहम मानी जा रही है। अब सबकी नजरें 30 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष सत्र पर टिकी हैं, जहां परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर संसद में चर्चा होगी।
 

ये भी पढ़ें- परिसीमन बिल पर खरगे ने केंद्र सरकार को घेरा, SC-ST आरक्षण और जनगणना पर उठाए सवाल