नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बेहद जरूरी खबर सामने आई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने 18 अक्टूबर 2026 यानि रविवार, को दिल्ली के  चार मेट्रो लाइनों पर सुबह 3:30 बजे से मेट्रो सेवा शुरू करने का फैसला किया है। यह विशेष व्यवस्था वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में हिस्सा लेने वाले धावकों और प्रतिभागियों की सुविधा के लिए की गई है। बता दें कि मैराथन का आयोजन जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होना है।

4 मेट्रो लाइनों पर सुबह जल्दी शुरू होगी सेवा

वहीं DMRC के मुताबिक, 18 अक्टूबर को रेड, येलो, ब्लू और वायलेट लाइन के टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 3:30 बजे मेट्रो चलनी शुरू होगी। इन लाइनों का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को अपने सफर की योजना बनाते समय विशेष समय-सारिणी का ध्यान रखना चाहिए।

* रेड लाइन: रिठाला से शहीद स्थल न्यू बस अड्डा
* येलो लाइन: समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम
* ब्लू लाइन: द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी और वैशाली
* वायलेट लाइन: कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़)

इन चार कॉरिडोर पर शुरुआती घंटों में मेट्रो की सुविधा मिलने से सुबह-सुबह मैराथन स्थल तक पहुंचने वाले प्रतिभागियों को मदद मिलेगी।

कितने मिनट में मिलेगी मेट्रो?

विशेष समय-सारिणी के अनुसार, सुबह 3:30 बजे से 4:15 बजे तक मेट्रो ट्रेनें लगभग 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। इसके बाद सुबह 4:15 बजे से 6 बजे तक ट्रेनों के बीच लगभग 20 मिनट का अंतराल रहेगा।

सुबह 6 बजे के बाद इन चारों लाइनों पर मेट्रो सेवाएं सामान्य रविवार की समय-सारिणी के अनुसार संचालित होंगी। अन्य सभी मेट्रो लाइनों पर भी सेवाएं अपने नियमित रविवार के समय के मुताबिक चलेंगी।

धावकों को मुफ्त मिलेगी मेट्रो यात्रा की सुविधा

वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में हिस्सा लेने वाले धावकों के लिए एक और राहत की व्यवस्था की गई है। आयोजनकर्ता प्रतिभागियों की कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने की मेट्रो यात्रा का खर्च वहन करेगा। इसके लिए DMRC ने निर्धारित किराये के अनुसार जरूरी QR टिकट उपलब्ध कराए हैं।

धावकों को आयोजनकर्ताओं से अपने बिब के साथ विशेष QR कोड वाले रिस्टबैंड लेने की सलाह दी गई है। प्रतिभागियों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए JLN स्टेडियम, जोर बाग, जनपथ और जंगपुरा समेत कुछ चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों पर स्वयंसेवक भी तैनात किए जाएंगे।

यात्रियों को क्या ध्यान रखना चाहिए?

अगर आप 18 अक्टूबर की सुबह मेट्रो से सफर करने वाले हैं, तो अपनी लाइन और शुरुआती स्टेशन के हिसाब से यात्रा की योजना बनाएं। सुबह 3:30 बजे सेवा शुरू होने का मतलब यह नहीं है कि सभी मेट्रो लाइनों पर इसी समय ट्रेनें उपलब्ध होंगी। विशेष सेवा केवल घोषित चार लाइनों पर लागू होगी।

अन्य लाइनों से सफर करने वाले यात्री नियमित रविवार की समय-सारिणी देखें। यात्रा से पहले DMRC की आधिकारिक वेबसाइट या उसके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी अपडेट भी चेक कर लें।