नई दिल्ली: पंजाब की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने करीब छह साल बाद एक बार फिर गठबंधन की घोषणा कर दी है। दोनों पार्टियां 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में मिलकर लड़ेंगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी आधिकारिक घोषणा की। 

6 साल बाद BJP और शिरोमणि अकाली दल का फिर हुआ गठबंधन

इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे थे। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल ने फैसला किया है कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 दोनों पार्टियां मिलकर लड़ेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि अकाली दल आज से NDA के सहयोगी के रूप में काम करेगा। 

2027 पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों पार्टियां हुई एकजुट

इस संदर्भ मे देश की राजधानी में अमित शाह, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने मंगलवार कोऔपचारिक रूप से मुलाकात की और 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन और नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस को मजबूत करने का संकेत दिया। इस दौरान BJP मुख्यालय में दोनों पार्टियों के नेताओं ने औपचारिक रूप से सत्ताधारी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का मुकाबला करने के इरादे का संकेत दिया।

अकाली दल और BJP का पुराना रिश्ता है: सुखबीर बादल

इस बैठक में BJP और अकाली दल दोनों ने पंजाब विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ने का फैसला किया है। इसके साथ ही आज से अकाली दल NDA में शामिल हो जाएगा। इस लेकर सुखबीर बादल ने कहा कि NDA अब पूरा हो गया है। अकाली दल और BJP का पुराना रिश्ता है और यह गठबंधन भाईचारे की निशानी है और हम साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे। हमने कई चुनाव साथ लड़े हैं और हमारा रिश्ता बना रहा।

इन कारणों से अकाली दल ने NDA से तोड़ा था नाता

दरअसल, भाजपा और अकाली दल का गठबंधन सितंबर 2020 में टूट गया था। उस समय केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने NDA से नाता तोड़ लिया था। इसके बाद दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा।अब करीब छह साल बाद दोनों दल फिर एक साथ आ गए हैं। इस गठबंधन को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि, सीटों के बंटवारे का पूरा फॉर्मूला अभी सामने नहीं आया है।
 

ये भी पढ़ें- SP-कांग्रेस अलायंस में सीट शेयरिंग पर इमरान मसूद का बयान, बोले- 'गठबंधन में कुछ मांगने की जरूरत नहीं'