Golf Course Road Accident: गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला टू-व्हीलर सवार को पीछे से कार द्वारा टक्कर मारे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर
वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-56 पुलिस स्टेशन में आरोपी कार चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने 14 सितंबर को वायरल वीडियो देखा, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
पीड़ित महिला से संपर्क की कोशिश
गुरुग्राम के ACP अभिलक्ष जोशी ने बताया कि अभी तक हादसे में शामिल महिला की ओर से कोई लिखित शिकायत पुलिस को नहीं मिली है। इसके बावजूद वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की है। पुलिस महिला से संपर्क कर रही है और उसे जांच में शामिल किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में लगाए गए आरोपों और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार मालिक ने ड्राइविंग से किया इनकार
हादसे में इस्तेमाल कार के मालिक मनीष ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि घटना के समय वह गाड़ी नहीं चला रहे थे। उनके अनुसार, उन्होंने अपनी कार एक दोस्त कल्याण सिंह को दी थी, जो दो दिन पहले कार लेकर गए थे। उन्हें दुर्घटना की जानकारी 14 सितंबर की सुबह मिली। उन्होंने कल्याण सिंह से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जवाब नहीं मिला।
ये भी पढ़ें: गणेश चतुर्थी पर 7 राज्यों में बैंक बंद, शेयर बाजार भी आज रहेंगे बंद
रैश ड्राइविंग पर सख्त रुख
वहीं ACP जोशी ने कहा कि गुरुग्राम पुलिस रैश और लापरवाही से वाहन चलाने जैसी घटनाओं पर लगातार नजर रख रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसी घटनाओं में औपचारिक शिकायत न मिलने पर भी संज्ञान लेकर कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस ने लोगों से घटना को लेकर बेबुनियाद अफवाहें नहीं फैलाने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी चालक की पहचान की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।