LSG Captain: ऋषभ पंत के जाने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने अभी तक कप्तान नहीं बनाया है। फ्रेंचाइजी के ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने कहा कि जो भी यह रोल निभाएगा, उसे भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों वाले एक बड़े लीडरशिप ग्रुप का सपोर्ट मिलेगा।

आईपीएल 2026 सीजन खत्म होने के बाद पंत दिल्ली कैपिटल्स में लौट आए, और इस डील के तहत कुलदीप यादव लखनऊ चले गए। पंत के बाद कप्तानी की दौड़ में विदेशी खिलाड़ी आगे हैं, लेकिन देखना होगा कि टीम मैनेजमेंट किसके साथ जाने का फैसला करता है।

हमने अच्छे ट्रेड किए- मूडी

लखनऊ सुपर जायंट्स के ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी का कहना है कि इस साल हमने काफी अच्छे ट्रेड किए हैं, और हमारे लिए कुलदीप यादव बेहद जरूरी हैं। मूडी ने कहा,

"ऑफ-सीजन में, हमने कुछ ट्रेड किए जिनसे हम बहुत खुश हैं। ऋषभ पंत दिल्ली वापस चले गए, और कुलदीप यादव को लेना हमारे लिए बहुत जरूरी ट्रेड था क्योंकि वह लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेलने के हालात से वाकिफ हैं, जहां हम बेस्ड हैं।" मूडी ने जियो हॉट स्टार पर इसकी जानकारी दी।

कुलदीप हमारी मदद करेंगे- मूडी

जियो हॉटस्टार पर मूडी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि कुलदीप यादव के लिए यह जगह काफी जानी-पहचानी है और उन्हें यहां पर खेलने में मजा आएगा। मूडी ने कहा,

"वह भी उत्तर प्रदेश से हैं और उन्हें जानी-पहचानी जगह पर खेलने में मजा आएगा। यह एक बड़ा मैदान है, और पहले से ही हमें बीच के ओवरों में विकेट लेने में दिक्कत होती रही है। हमें उम्मीद है कि कुलदीप इसमें हमारी मदद करेंगे।" आपको बता दें कि, इकाना की पिच स्पिनरों की मददगार मानी जाती है और यहां पर कुलदीप यादव एलएसजी के लिए बड़ा गेम चेंजर साबित हो सकते हैं।

कौन होगा LSG का कप्तान?

लखनऊ सुपर जायंट्स का कप्तान कौन होगा, यह फिलहाल फाइनल नहीं हुआ है, लेकिन मूडी ने उन दावेदारों के नाम लिए, जो कप्तान बनने की दौड़ में आगे हैं। मूडी ने कहा,

"हमारे पास मिचेल मार्श और एडेन मार्करम के रूप में इंटरनेशनल कप्तानी का अनुभव रखने वाले कुछ बेहतरीन लीडर हैं, जबकि निकोलस पूरन ने दुनिया भर की फ्रेंचाइजी टीमों की कप्तानी की है। लेकिन लीडरशिप सिर्फ एक टाइटल या आपके नाम के आगे 'C' नहीं है। मैं उन खिलाड़ियों से उम्मीद करूंगा, साथ ही सैम करन, जिनमें नैचुरल लीडरशिप की भावना है और जिन्होंने पहले पंजाब किंग्स की कप्तानी की है, हमारे ग्रुप में लीडरशिप के मजबूत पिलर होंगे।"

ये भी पढ़ें- टेस्ट सीरीज के बीच टीम को लगा बड़ा झटका, कप्तान चोटिल होकर बाहर