Vaibhav Sooryavanshi: भारत में खेली जाएगी दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 57 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। बेंगलुरु में स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में यह मुकाबला खेला जा रहा है, जहां पर वैभव ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बता दें कि, इस समय ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच सेमीफाइनल मैच खेला जा रहा है।
इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ईस्ट जोन के लिए खेल रहे हैं और वह इस टीम के उप कप्तान भी हैं। ऐसे में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल जोन के गेंदबाजों को खूब रिमांड पर लिया और अपने नाम एक बेहद पुराना रिकॉर्ड दर्ज कर लिया।
ध्वस्त किया 57 साल पुराना रिकॉर्ड
सेंट्रल जोन की पहली पारी को 266 रन पर समेटने के बाद ईस्ट जोन बल्लेबाजी के लिए उतरी। पारी की शुरुआत करने आए उप कप्तान वैभव सूर्यवंशी अपने चित-परिचित अंदाज में खेलते दिखे और सेंट्रल जोन के गेंदबाजों की खूब खबर ली।
वैभव की बल्लेबाजी को देखते हुए उनको आज रोक पाना बेहद मुश्किल लग रहा था, लेकिन 92 के व्यक्तिगत स्कोर पर वह आउट हो गए। आपको बताते हैं कि वैभव सूर्यवंशी दलीप ट्रॉफी के इतिहास में अब सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि केवल 15 साल की उम्र में हासिल की है। वैभव का यह अर्धशतक सिर्फ 42 गेंदों पर आया था।
तोड़ा लक्ष्मण सिंह का रिकॉर्ड
साल 1969 में लक्ष्मण सिंह ने दलीप ट्रॉफी के इतिहास में सबसे कम उम्र में अर्धशतकीय पारी खेली थी। उनका यह कीर्तिमान टूटना काफी मुश्किल लग रहा था, लेकिन वैभव के तूफान और उनकी प्रतिभा ने इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया। दरअसल, लक्ष्मण सिंह ने दलीप ट्रॉफी में 16 साल और 23 दिन की उम्र में पचास रन बनाए थे।
वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल 157 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाकर यह कीर्तिमान अपने नाम स्थापित कर लिया है। बता दें कि, इस लिस्ट में भारत के पूर्व लेग स्पिनर पीयूष चावला है, जिन्होंने साल 2005 में 16 साल और 370 दिन की उम्र में फिफ्टी ठोकी थी।
81 गेंदों पर ठोके 92 रन
बाएं हाथ के युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सेमीफाइनल मुकाबले में तूफानी पारी खेली। उन्होंने सेंट्रल जोन के खिलाफ सिर्फ 81 गेंदों पर 92 रन ठोक दिए। इस दौरान उनकी पारी में 7 चौके और इतने ही दर्शनीय छक्के देखने को मिले थे। हालांकि, वह अपने शतक के बेहद करीब पहुंचकर आउट हो गए।
उनको स्पिनर हर्ष दुबे ने अपना शिकार बनाया, लेकिन आउट होने से पहले वैभव ने अपनी टीम को काफी बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया था। बता दें कि, इससे पहले नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ वैभव सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए थे, लेकिन इस बार उन्होंने दोनों हाथों से मौके को लपका और तूफानी अर्धशतक ठोक दिया।
ये भी पढ़ें- लॉर्ड्स टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तानी टीम पर भड़के पूर्व कप्तान, विकेटकीपर पर उतारा गुस्सा, बाहर करने की करी मांग