इंग्लैंड दौरे पर गई पाकिस्तान क्रिकेट टीम तीन मैच की सीरीज में दो मैच गंवा चुकी है। लीड्स में मेहमान टीम को पारी और 103 रन की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था तो लॉर्ड्स में खेले दूसरे मैच में इंग्लिश टीम ने पाकिस्तान को 194 रन से हराया।
बैक टू बैक दो जीत के बाद इंग्लैंड ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। वहीं, इस शर्मनाक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने अपनी नाराजगी व्यक्त की। साथ ही लॉर्ड्स टेस्ट में मैच गंवाने के बाद वसीम ने विकेटकीपर बल्लेबाज को बाहर करने की मांग भी कर दी है।
विकेटकीपर पर उतारा गुस्सा
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने लॉर्ड्स टेस्ट गंवाने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के स्थान पर सवाल उठाए। पूर्व कप्तान ने कहा कि रिजवान काफी समय से रन नहीं बना रहे हैं तो फिर उनको लगातार मौके क्यों मिल रहे हैं।
उनकी जगह किसी युवा खिलाड़ी को मौका दिया जा सकता है। अकरम ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट लगातार गिरता जा रहा है और हालात सुधारने के लिए किसी को जिम्मेदारी नहीं लेनी। अकरम ने यह भी कहा कि इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तानी टीम जिस तरह से संघर्ष कर रही है, उसको देखकर उनको काफी दुख हो रहा है।
बाबर आजम दोनों पारियों में फ्लॉप
टेस्ट कप्तान बाबर आजम पहले टेस्ट का हिस्सा नहीं थे, जिसमें पाकिस्तान को पारी और 103 रन की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। उम्मीद थी कि दूसरे टेस्ट में जब बाबर प्लेइंग इलेवन में आएंगे तो पाकिस्तान की बल्लेबाजी मजूबत होगी, लेकिन दूसरे टेस्ट की पहली पारी में वह सिर्फ 8 रन बना सके थे तो दूसरी पारी में उनके बल्ले से 6 रन निकले थे। दोनों पारियों में बाबर फास्ट बॉलर का शिकार बने थे। पहली पारी में स्लीप पर आउट हुए तो दूसरी इनिंग में जोफ्रा आर्चर की बाउंसर के सामने वह ढेर हो गए।
दोनों पारियों में नहीं किया 200 पार
लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान की टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन वह इसपर खरी नहीं उतर पाई। पहली पारी में पाकिस्तानी टीम सिर्फ 110 रन पर ढेर हो गई थी तो दूसरी पारी में वह सिर्फ 194 रन बनाकर सिमट गई।
चौंकाने वाली बात ये है कि इस मैच में जहां इंग्लैंड ने दोनों पारियों में 200 का आंकड़ा पार किया था तो मेहमान टीम एक भी बार 200 रन नहीं बना पाई। वहीं, पहले टेस्ट में भी पाकिस्तान का स्कोर क्रमश: 171 और 135 था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पाकिस्तानी बल्लेबाजों को इंग्लैंड की पिच पर बल्लेबाजी करने में कितनी परेशानी हो रही है।
ये भी पढ़ें- नेपाल बाढ़ में पीड़ितों के लिए रखा गया 1 मिनट का मौन, काली पट्टी बांध उतरे खिलाड़ी