तीन बार इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब जीत चुकी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का प्रदर्शन 2025 और 2026 के सीजन में साधारण रहा था। आईपीएल 2024 में चैंपियन बनने के बाद केकेआर ने कप्तान श्रेयस अय्यर को रिलीज कर दिया था और उनकी जगह मेगा ऑक्शन में अजिंक्य रहाणे को खरीदा और उनको कप्तान बना दिया।

हालांकि, रहाणे की कप्तानी में टीम दोनों बार प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई थी और इसकी मुख्य वजह सिर्फ एक चीज थी। दरअसल, जिस वजह से अय्यर केकेआर को चैंपियन बनाने में कामयाब रहे थे, वह चीज रहाणे की कप्तानी में बिल्कुल भी देखने को नहीं मिली।

एक गलती पड़ रही है टीम पर भारी

केकेआर ने आईपीएल 2025 में सबसे बड़ी गलती ऑलराउंडर सुनील नरेन को ओपनिंग से हटाकर की थी। दरअसल, अजिंक्य रहाणे के कप्तान बनने के बाद सुनील नरेन ने दो सीजन में सिर्फ 1 से 2 बार ही सलामी बल्लेबाज की जिम्मेदारी संभाली थी। जबकि आईपीएल 2024 में नरेन ने सभी मैचों में प्रारंभिक बल्लेबाज की भूमिका निभाई थी।

इस दौरान नरेन ने बल्ले से केकेआर के लिए 15 मैच की 14 पारियों में 180.74 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 488 रन कूटे थे तो गेंदबाजी में 17 विकेट झटके थे। इन आंकड़ों के बावजूद केकेआर ने 2025 और 2026 में नरेन को ओपनिंग का मौका नहीं दिया, जबकि 2024 में केकेआर को चैंपियन बनाने में श्रेयस अय्यर से अधिक योगदान सुनील नरेन के ऑलराउंड प्रदर्शन का रहा था।

IPL 2027 में मिल सकती है जिम्मेदारी

पिछले दो सीजन की गलतियों से सबक लेकर केकेआर खेमा सुनील नरेन को एक बार फिर सलामी बल्लेबाज की भूमिका में खिला सकता है। दरअसल, अजिंक्य रहाणे क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले चुके हैं और ऐसे में सुनील को बतौर ओपनर अगले सीजन खिलाया जा सकता है। बता दें कि, सुनील इस समय कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे हैं। इस लीग के 19वें मैच में सुनील ने टीकेआर के लिए बतौर सलामी बल्लेबाज खेलते हुए 33 गेंदों पर 55 रन जड़ दिए। इस दौरान उनके बल्ले से 1 चौके और 6 छक्के देखने को मिले थे। नरेन ने यह कारनामा बारबाडोस ट्राइडेंट्स के खिलाफ किया था।

2012 से हैं टीम का हिस्सा

सुनील नरेन कोलकाता नाइट राइडर्स के सबसे सीनियर प्लेयर्स में से एक हैं, जो इस फ्रेंचाइजी के लिए साल 2012 से खेल रहे हैं। नरेन ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत केकेआर से की थी और आज भी वह इस टीम के अहम सदस्य बने हुए हैं। वेस्टइंडीज के इस पूर्व खिलाड़ी ने आईपीएल में खेले 202 मैचों में 207 विकेट झटके हैं और इस दौरान उनका इकॉनमी रेट सिर्फ 6.78 है।

वहीं, बल्ले से नरेन 165.30 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 1820 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 7 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। बता दें कि, नरेन का बेस्ट प्रदर्शन बल्ले से साल 2024 में देखने को मिला था, जिसमें उन्होंने 400 से अधिक रन बनाए थे और अपनी टीम को चैंपियन बनाने में बहुमूल्य योगदान दिया था।

ये भी पढ़ें- ‘मुझे विश्वास नहीं हुआ…’ कप्तानी से हटाने के बाद पहली बार बोले सूर्यकुमार यादव, BCCI के फैसले पर उठाए सवाल