ICC Code of Conduct: शुक्रवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में श्रृंखला का दूसरा टी20 मैच खेला गया था, जिसमें मेहमान टीम ने रिकॉर्ड 250 रन चेज किया था और सीरीज में 1-1 की बराबरी की थी।

हालांकि, इस मैच में मेहमान टीम के दो बल्लेबाजों पर आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट तोड़ने के के कारण आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई है और एक-एक डिमेरिट अंक दिया गया है। इन दोनों को मैच में गलत व्यवहारके कारण यह सजा सुनाई गई है।

वेस्टइंडीज के 2 खिलाड़ियों पर कार्रवाई

भारत-वेस्टइंडीज के बीच सीरीज के दूसरे मैच में मेहमान टीम के पूर्व कप्तान रोवमैन पॉवेल और बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड को आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई है और 1-1 डिमेरिट पॉइंट दोनों कैरिबियन प्लेयर्स को दिया गया है।

आईसीसी के अनुसार, पॉवेल को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो इंटरनेशनल मैच के दौरान क्रिकेट के सामान या कपड़ों, मैदान के सामान या फिक्स्चर और फिटिंग के दुरुपयोग से संबंधित है।

क्यों मिली दोनों को सजा?

रोवमैन पॉवेल ने वेस्टइंडीज की पारी के छठे ओवर में मयंक यादव के बोल्ड होने के बाद गेंद को दूर मारा था, इसके कारण उनको आईसीसी से न सिर्फ फटकार मिली, बल्कि एक डिमेरिट अंक भी दिया गया।

इसके अलावा रदकफोर्ड ने मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर अपनी असहमति जताई थी और इसके कारण उनको 1 डिमेरिट पॉइंट दिया गया है। उनका अपराध 13वें ओवर में हुआ, जब एक गेंद जिसे वे वाइड मान रहे थे, उसे सही करार दिए जाने के बाद वे अंपायर पर आक्रामक रूप से चिल्लाए।

दोनों खिलाड़ियों ने स्वीकार किया अपराध

हालांकि, दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने अपराध स्वीकार किए और एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरीज के प्रकाश भट्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया, जिससे औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। आईसीसी ने यह भी पुष्टि की कि दोनों खिलाड़ियों के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया है।

24 महीने की अवधि में यह दोनों का पहला अपराध था। आपको बता दें कि, इस मैच में शेरफेन रदरफोर्ड ने 37 गेंदों पर 84 रन की तूफानी पारी खेली थी और अपनी टीम को रिकॉर्ड रन चेज करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ये भी पढ़ें- शतक लगाते ही इस दिग्गज खिलाड़ी ने छीनी अक्षर पटेल की जगह? न्यूजीलैंड सीरीज से पत्ता साफ!