Rajat Patidar: शुक्रवार को भारत ‘ए’ और ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के बीच पॉन्डिचेरी सीचेम क्रिकेट ग्राउंड पर अनाधिकारिक वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया, जिसमें टीम इंडिया को 69 रन की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इस शिकस्त के साथ भारत ने सीरीज भी गंवा दी है। मैच में पहले बैटिंग करते हुए कंगारुओं की टीम 49.5 ओवर में 275 रन पर ढेर हो गई।

उम्मीद थी कि भारत ‘ए’ 50 ओवर में 276 रन का टारगेट आसानी से हासिल कर लेगा, लेकिन ऐसा न हो सका। इंडिया ‘ए’ 276 रन के जवाब में 45.2 ओवर में 206 रन ही बना सकी और मुकाबला गंवा बैठी। हालांकि, इस मैच में भारत के लिए सकारात्मक बात ये रही कि एक बल्लेबाज ने लगातार दूसरी बार इस सीरीज में अर्धशतक ठोका है।

ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के खिलाफ खेली शानदार पारी

अनाधिकारिक वनडे सीरीज के दूसरे मैच में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज रजत पाटीदार ने 82 गेंदों पर 67 रन की जुझारू पारी खेली। जिस पिच पर देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़, साई सुदर्शन जैसे बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे, वहां पर पाटीदार ने अपनी क्लास का शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली।

पाटीदार के अलावा इस मैच में अन्य कोई भारतीय बल्लेबाज 40 का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका। आपको बता दें कि, इससे पहले सीरीज के ओपनिंग मैच में भी पाटीदार ने 52 रन बनाए थे और उस समय भी वह अपनी टीम की ओर से अर्धशतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज थे। 

न्यूजीलैंड सीरीज के लिए ठोका दावा

रजत पाटीदार के इस प्रदर्शन पर यकीनन चयनकर्ताओं की भी पैनी नजर होगी, क्योंकि इस सीरीज के चलते ही उन्होंने अभी तक वनडे स्क्वाड का ऐलान नहीं किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चयन समिति न्यूजीलैंड में खेली जाने वाली पांच वनडे मैचों की सीरीज के लिए दल में चुन सकती है।

ऐसे में रजत पाटीदार ने लगातार दो अर्धशतकीय पारियां खेलकर अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। हालांकि, पाटीदार के पास अपनी हाफ सेंचुरी को सेंचुरी में तब्दील करने का मौका था, जिससे वह चूक गए।

3 साल पहले खेला था आखिरी वनडे

32 वर्षींय पाटीदार ने भारत के लिए अपना एकमात्र वनडे मैच 21 दिसंबर 2023 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था। इस मैच में उन्होंने 16 गेंदों पर 22 रन बनाए थे। इसके बाद उनको दोबारा एकदिवसीय टीम में खेलने का मौका नहीं मिला था।

हालांकि, चयनकर्ता उनके हालिया प्रदर्शन के आधार पर यह फैसला ले सकते हैं। पाटीदार ने अभी तक 68 लिस्ट ए मैच खेले हैं, जिसमें 37.59 की औसत से 2331 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 14 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। 

ये भी पढ़ें- मिशन हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए तैयार पाकिस्तान, अफरीदी को बनाया कप्तान, धांसू स्क्वाड घोषित