असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को कामरूप जिले के अमीनगांव में असम सरकार द्वारा निर्मित तैराकी के लिए नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCOE) का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में असम खेल प्राधिकरण, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और भारतीय बैडमिंटन संघ (BAI) के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए गए। इंटरनेशनल स्तर के तैराकों को तैयार करने के उद्देश्य से लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वर्ल्ड क्लास ओलंपिक स्तर स्विमिंग पूल में 50 मीटर, 9 लेन और 25 मीटर का डाइविंग पूल है, साथ ही 1,309 सीटों वाली दर्शक गैलरी भी मौजूद हैं।

40 आवासीय एथलीटों के होंगे नामांकन

शुरुआती चरण में यहां 40 आवासीय एथलीटों का नामांकन किया जाएगा, जबकि स्थानीय एथलीटों को भारतीय खेल प्राधिकरण की एक विशेष योजना के माध्यम से प्रशिक्षण के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे। क्रिकेट और बैडमिंटन के बुनियादी ढांचे के साथ-साथ यह उत्कृष्टता केंद्र अमीनगांव क्षेत्र को राज्य के प्रमुख खेल केंद्रों में से एक के रूप में विकसित करने के उद्देश्य को और मजबूत करेगा।

30 वर्षों तक SAI को सौंपी जिम्मेदारी-सीएम

इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि एक समझौता ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रीय तैराकी उत्कृष्टता केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी 30 वर्षों के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) को सौंपी गई है। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) केंद्र का समग्र प्रबंधन, प्रशिक्षकों और सहायक कर्मचारियों की भर्ती, खेल उपकरणों की उपलब्धता और प्रशिक्षण शिविरों, प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों के आयोजन का कार्य करेगा। साथ ही गुवाहाटी और असम में खेल अवसंरचना में काफी सुधार हुआ है, इस पर बात करते हुए असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि अमीनगांव में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन 2027 में किया जाएगा।

300 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा क्रिकेट स्टेडियम

अमीनगांव में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा, "असम सरकार लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम का निर्माण कर रही है। अमीनगांव स्थित इन तीनों खेल केंद्रों पर आने वाले खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए सामने की सड़क को चौड़ा किया जा रहा है और दो हजार वाहनों की क्षमता वाली बहुस्तरीय पार्किंग सुविधा का भी निर्माण होगा। क्रिकेट, बैडमिंटन और तैराकी के लिए आने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए छात्रावासों का भी निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि राधा गोबिंदा बरुआ खेल परिसर में स्थित पुराने नेहरू स्टेडियम की जगह फीफा स्तर के अनुरूप एक फुटबॉल स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- इंग्लैंड ने फिर किया पाकिस्तान को शर्मसार, 110 रन पर समेट दी पारी, बाबर आजम ने बनाए इतने रन