Namibia Beat South Africa: नामीबिया में आयोजित हो रही त्रिकोणीय श्रृंखला के पहले मैच में मेजबानों ने साउथ अफ्रीका को 18 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया है। ग्रुप स्टेज का पहला मुकाबला विंडहोक स्टेडियम में खेला गया था, जहां साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। नामीबिया ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए थे। इसके जवाब में प्रोटियाज केवल 145/9 ही बना सके और 18 रन से मुकाबला हार गए।

नामीबिया को मिली थी धांसू शुरुआत

टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी नामीबिया को ओपनर लॉरेन स्टीनकम्प और जान फ्रायलिंक की जोड़ी ने धांसू शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.4 ओवर में 84 रन की अर्धशतकीय साझेदारी की। हालांकि, लॉरेन 29 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 41 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन फ्रायलिंक ने 38 गेंदों पर 157.89 के स्ट्राइक रेट से 60 रन बनाए।

उनकी अर्धशतकीय पारी में 6 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। इनके अलावा कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 17 गेंदों पर 19 रन बनाए। इनके अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में फेल रहा। साउथ अफ्रीका की ओर से गेंदबाजी में प्रेनलन सुब्रायेन ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए तो डुआन जानसन और ब्योर्न फोर्टुइन ने दो-दो विकेट बांटे। इसके अलावा नकोबानी मोकोइना और डेवाल्ड ब्रेविस ने 1-1 विकेट साझा किए।

साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों ने किया निराश

साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों को देखते हुए 20 ओवर में 164 रन का लक्ष्य काफी छोटा लग रहा था, लेकिन नामीबियाई गेंदबाजों ने इसको बेहद मुश्किल बना दिया। टीम की ओपनिंग जोड़ी लहुआन-ड्रे प्रेटोरियन (9) और जॉर्डन हरमन (7) टीम को दमदार शुरुआत नहीं दिला पाए। इसके बाद साउथ अफ्रीका निरंतर काल पर अपने विकेट गंवाती रही, जिसके कारण वह 20 ओवर में 145/9 पर ही रुक गई। हालांकि, डेवाल्ड ब्रेविस ने 50 बॉल पर 75 रन ठोके, लेकिन यह रन उनकी टीम को को जीत की दहलीज पार नहीं करवा सके। वहीं, हुआन जानसन ने 17 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाए।

नामीबिया गेंदबाजों की रही धूम

मैच शुरू होने से पहले साउथ अफ्रीका को फेवरेट माना जा रहा था और जब उन्होंने मेजबानों को 20 ओवर में 163 रन पर रोका तो मेहमानों की जीत सुनिश्चित लगने लगी। लेकिन, नामीबिया के गेंदबाजों को इस बार कुछ और ही मंजूर था। नामीबियाई गेंदबाजी में रुबेन ट्रम्पेलमैन और जेजे स्मिट ने 3-3 विकेट हासिल किए तो मैक्स हेंगो, जैक ब्रासेल और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने एक-एक विकेट साझा किया। बता दें कि, इस मैच में नामीबियाई गेंदबाजों के सामने साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों को एक-एक रन बनाने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा।

ये भी पढ़ें- अय्यर-तिलक फिर होंगे कप्तान! इन सभी खिलाड़ियों को अफगानिस्तान टी20 सीरीज में मिल सकता मौका